Breaking News
recent

बाजार खरीदारों से हुआ गुलजार

गंगापुरसिटी . शादियों के सीजन में बाजार चहका नजर आ रहा है। सावों में खरीदारी के लिए लोगों के चहुंचने से बाजार गुलजार है। आखातीज पर अबूझ सावे के चलते बाजार में इन दिनों बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। बाजार में कपड़ा, बर्तन, ज्वेलरी सहित अन्य दुकानदारों के यहां ग्राहकों से रौनक बनी हुई है। व्यापारी भी इस मौके को भुनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं।


अप्रेल माह में सावे खूब रहे। वहीं मई माह में भी शादियों की धूम है। इस माह आखातीज का अबूझ सावा होने के कारण इस दिन बड़ा सावा है। ऐसे में खेती-किसानी का काम निपटाने के बाद अब किसानों का रुख बाजार में खरीदारी की ओर है। मई में 6, ७ एवं 12 को बड़े सावे हैं। ऐसे में बाजार में खरीदारी चरम पर नजर आ रही है। दुकानदार बताते हैं कि किसान अक्सर शादी के लिए ऐसा सावा चुनते हैं, जब वह खेती-बाड़ी से फ्री हो जाते हैं। अब ज्यादातर किसान खेती का काम पूरा कर चुके हैं।

अब उनके यहां शादी है। फसल बेचने के बाद उनकी जेब में अब पैसा भी है। ऐसे में वह खरीदारी में जुट गए हैं। कपड़ा व्यवसायी शिवदयाल शर्मा ने बताया कि शादियों के सीजन में इन दिनों बड़ी संख्या में ग्राहक बाजार पहुंच रहे हैं। इससे बिक्री में उछाल आया है। चूड़ा व्यापारी सतीश लखेरा ने बताया कि बाजार में ग्राहकों के पहुंचने से बिक्री इन दिनों चरम पर है। खरीदारी के लिए आ रही महिलाएं चूड़ा पसंद कर रही हैं।


कपड़ों की दुकानों पर कतार


शादी-ब्याह के लिहाज से इन दिनों बाजार में कपड़ा, ज्वेलरी एवं बर्तनों की दुकानों पर खासी भीड़ जुट रही है। कपड़ों की दुकान पर महिलाएं अपने तथा परिवार के लिए कपड़े पसंद करती नजर आ रही हैं। वहीं ज्वेलर्स के यहां उपहार में देने के लिए ज्वेलरी बनवाई जा रही हैं। शगुन के रूप में बर्तन दिए जाने के चलन को लेकर बाजार में बर्तनों की भी खूब खरीदारी हो रही है। बाजार में बड़ी तादाद में ग्राहकों के पहुंचने से दुकानदार उत्साहित नजर आ रहे हैं।


कदम-कदम पर जाम


बाजार में खरीदारों की भीड़ का आलम यह है कि संकरे बाजारों में कदम-कदम पर जाम लगता नजर आ रहा है। खास तौर से सुभाष बाजार जैसे संकरे बाजारों में दो बाइकों के आमने-सामने आ जाने से जाम लग रहा है। यातायात पुलिस की अनदेखी के चलते दुपहिया वाहन दुकानों के सामने खड़े रहते हैं। इसके अलावा ठेल-ढकेल भी बेतरतीब तरीके से बाजार में खड़ी हैं। ऐसे में लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर भी जमावड़ा


यूं तो गर्मी का सीजन शुरू होने पर कूलर-पंखे, फ्रिज आदि की मांग बढ़ी है, लेकिन सावों के चलते इस बिक्री में खासा उछाल आया है। शादी-ब्याह में उपहार में देने के लिए कूलर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन एवं एलईडी सहित अन्य सामानों की बिक्री जोरों पर है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर इस समय भीड़भाड़ नजर आ रही है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.