नीमराणा। हाइवे स्थित एक रिसोर्ट में रेव पार्टी की सूचना पर पुलिस की मौजूदगी में मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों के साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिए। पुलिस ने रिसोर्ट की तलाशी नहीं ली और एक-एक कर गाडिय़ां और युवतियां निकल गए। जानकारी के अनुसार हाइवे के एक रिसोर्ट ट्री हाउस राजमहल में बुधवार को रेव पार्टी की सूचना पर स्थानीय मीडियाकर्मियों ने नीमराणा के पुलिस अधिकारियों व आबकारी अधिकारियों को सूचना दी। इस पर नीमराणा से प्रहलाद सिंह हैड कांस्टेबल और दो पुलिस कर्मी व बहरोड़ से आबकारी विभाग का जाप्ता मौके पर पहुंचा और तलाशी लेना शुरू कर दिया।
रसोई में छुपाई 23 पव्वे शराब तो मिल गई, लेकिन होटल स्टाफ नीचे के तीन कमरों की चाबी नहीं है कह कर उनको चेक नहीं करने दे रहा था। इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से वापस जाने लगा तो पत्रकारों द्वारा कमरों की तलाशी लेने की कहने पर हैड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह व दोनों कांस्टेबल उखड़ गए और होटल स्टाफ व वहां आए लोगों को भड़काने लगे कि यह लोग आपकी शिकायत कर रहे हैं।
इसके बाद पुलिस के सामने उन्होंने दो मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और घटना की रिकॉर्डिंग के मोबाइल छीन लिए। पुलिसकर्मी वहां से चुपचाप निकल लिए और पत्रकार उनसे मदद की गुहार लगाते रहे। इसके बाद वहां से सब लोग एक-एक कर गायब हो गए। मामले की सूचना जिला पुलिस अधीक्षक व नीमराणा पुलिस उप अधीक्षक को देने पर उन्होंने मामला दर्ज करवाने के बाद सख्त कार्रवाई करने की बात कही। आबकारी निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि होटल में 23 पव्वे शराब मिली जिसका मामला दर्ज किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस रिसोर्ट में पूर्व में भी बिना बार लाइसेंस के शराब बेचने और अनैतिक कार्य के मामले में एक दर्जन से ज्यादा युवतियां पकड़ी जा चुकी हैं।
थाने पर दी रिपोर्ट
दो मीडियाकर्मियों ने रिपोर्ट दी कि हाइवे के ट्री हाऊस राजमहल रिसोर्ट में रेव पार्टी की सूचना पर पुलिस की मौजूदगी में कवरेज करने थे। वहां पर बिना पूरी तलाशी के लौट रहे पुलिस हैड कास्टेबल प्रहलाद व दो कांस्टेबल को टोका तो उन्होंने वहां लोगों को भड़का कर होटल संचालक मनीष कुमार व महताब सिंह सहित अन्य बाहरी लोगों द्वारा उन पर जानलेवा हमला करने और मोबाइल छीनने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है। मामले को लेकर नीमराणा के एएसपी डॉ.तेजपाल सिंह भी नीमराणा थाने पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।





No comments:
Post a Comment