अलवर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को राजस्थान में अलवर जिले के थानागाजी के पास एक गांव में सामूहिक बलात्कार पीड़िता के परिवार से मिलकर उन्हें जल्द ही न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, भावनात्मक मुद्दा है।
जल्दी न्याय मिलेगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी
राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में जल्दी न्याय मिलेगा और जो भी जिम्मेदार होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी उनके साथ रहे। गांधी ने पीड़ित परिवार से करीब 20 से 25 मिनट की मुलाकात की।
पीड़िता के पति को छोटा भाई बताया
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पीड़िता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष उनसे बेहद सरलता से मिले। उन्होंने विस्तार से हमारी बात सुनी और न्याय का आश्वासन दिया। राहुल गांधी ने परिवार के सभी सदस्यों से बात की। उन्हें भरोसा है कि उनकी बात सुनी जाएगी। राहुल ने पीड़िता के पति को अपना छोटा भाई बताया। वहीं पीड़िता को गले लगाकर न्याय दिलाने की बात कही।
पीड़िता के पति ने बयां की अपनी पीड़ा
इससे पहले बुधवार को पीड़िता के पति ने अपनी पीड़ा बयां की है। पति ने कहा कि घटना के बाद एक ही सवाल का जवाब देते-देते तंग आ गए हैं। लोग आते हैं, सब एक ही प्रश्न पूछते हैं कैसे घटना हुई। जिसका जवाब देते देते परेशान हो गए हैं। अब हमारे घर में शादी है। हम शादी पर ध्यान दें या आने-जाने वालों पर।
पीड़ित परिवार की दोनों को नौकरी देने की मांग
पीड़ित परिवार ने कहा कि हमे न्याय देना है तो दोनों को नौकरी देकर किसी एेसी जगह भेज दिया जाए जहां कोई उनको पहचान नहीं सके। अपना जीवन वे शांति से जी सकें। उल्लेखनीय है कि सामूहिक बलात्कार की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लगातार इस परिवार के घर पर मीडिया, नेता, संगठनों के सदस्य तथा आमजन के आने का सिलसिला जारी है।





No comments:
Post a Comment