सवाईमाधोपुर. बजरिया के पुरानी ट्रक युनियन चौराहे पर मंगलवार रात करीब आठ बजे बिजली निगम की लापरवाही का एक बड़ा नमूना देखने को मिला। यहां रात को अचानक ही पास में लगी डीपी में धमाका हुआ। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति बंद हो गई। धमाके के साथ ही एक तार डीपी से टूटकर बीच सड़क पर गिर गया। निगम के कार्मिकों ने टूटे तार को ठीक करने की जहमत नहीं उठाई और बिना तार को जोड़े और फॉल्ट को ठीक करे ही फिर से कुछ ही देर बाद फिर से आपूर्ति शुरू कर दी।
सड़क पर उठती रही चिंगारी
आपूर्ति के फिर से शुरू होने के बाद सड़क पर टूटे तार में से करंट दौडऩे लगा। सड़क पर जलते तार से चिंगारी निकल रही थी। इसके बाद भी लोग रास्ते पर आ जा रहे थे हालांकि मौके पर पास ही खड़े अन्य लोग लोगों को तार से दूर रोकने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि बाद में सूचना पर निगम के कार्मिकों ने आपूर्ति को बंद कराया इसके बाद सड़क पर करंट दौडऩा बंद हुआ।
पुलिस बनी रही मूकदर्शक
हादसे के बाद मौके पर मानटाउन थानापुलिस पहुंची। लेकिन पुलिस महज मूकदर्शक बनी रही। इधर सड़क पर करंट बह रहा था और चिंगारी निकल रही थी तो पुलिस के जवान जीप में बैठकर मूकदर्शक बने हुए थे। हालांकि लोगों के विरोध करने के बाद पुलिस के जवानों ने जीप से उतरने की जमहत उठाई और वाहन चालकों व राहगीरों को रोका।
देरी से पहुंचे निगम कर्मी
घटना के तुरंत बाद लोगों ने निगम कर्मियों को फोन पर जानकारी दे दे थी। इसके बाद भी निगम कर्मियों ने तो आपूर्ति को बंद कराया और ना ही तार को जोडऩे के लिए निगम के कार्मिक मौके पर पहुंचे। घटना के करीब 15 मिनट बाद आपूर्ति को बंद किया गया साथ ही करीब बीस मिनट के बाद निगम के कार्मिक मौके पर पहुंचे।
.... तो हो सकता था बड़ा हादसा
तार के टूटने के बाद काफी देर तक सड़क पर करंट दौड़ रहा था सड़क के दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ था वहीं कुछ वाहनचालक तार के टूटने के बाद भी आ जा रहे थे। ऐसे में तार की चपेट में आने से बड़ा हादसा भी हो सकता था।
इनका कहना है.....
तार टूटने की सूचना मिलते ही सप्लाई बंद करा दी गई थी। कार्मिक कलक्ट्रेट पर थे ऐसे में मौके पर पहुंचने में थोड़ी देर हो गई।





No comments:
Post a Comment