सवाईमाधोपुर.
गर्मी के दिन शुरू हो चुके हैं। ऐासे में जिले भर में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की मांग को लेकर लोग सडकों पर उतर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी जलदाय विभाग की नींद नहीं टूट रही है। जलदाय विभाग की ओर से स्वीकृत हो चुकी पानी की टंकी का ही निर्माण शुरू नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में जलसंकट व लोगों की परेशानी बढऩे की आशंका है। जलदाय विभाग की ओर से ग्राम पंचायत खिलचीपुर में पानी की टंकी का निर्माण क राया जना था। करीब दस माह पूर्व इसके लिए टेण्डर भी जारी कर दिए गए हैं लेकिन इसके बाद भी अब तक टंकी का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
विधायक ने किया था भूमिपूजन
टंकी निर्माण के लिए करीब दस आठ माह पूर्व तात्कालीन विधायक दीयाकुमारी ने भूमि पूजन भी किया था। इसके बाद से ही क्षेत्र के लोगों मेंजलसंकट के दूर होने की आस बंधी थी लेकिन अब करीब दस माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
2.47 करोड़ का था बजट
जलदाय विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस प्रोजेक्ट के लिए 2.47 करोड़ का बजट जारी किया गया था। इसमें टंकी निर्माण के साथ बोरिंग, पाइपनलाइन, कनेक्शन आदि किए जाने थे। लेकिन ठेकेदार ने अब तक कार्य शुरू नहीं किया है।
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कवायद
जलदाय विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से ठेके दार को कई बार इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन इसके बाद भी ठेकेदार की ओर से काम शुरू नहीं किया जा रहा है। इस सबंध में स्थानीय अधिकारियों की ओर से भरतपुर के उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। अब जल्द ही विभाग की ओर से ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन
इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत खिलचीपुर में विभाग की ओर से टंकी का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अशोक राज मीणा ने बताया कि खिलचीपुर में करीब आठ हजार आबादी निवास करती है।पानी की टंकी बनाने के लिए सर्वे हो चुका है लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।करीब दस महीने पहले एक टंकी मय पाईप लाइन के स्वीकृत हुई थी जिसका टेंडर भी हो चुका है लेकिन ठेकेदार द्वारा आज तक भी कार्य शुरू नही किया है। इस दौरान कुंडेरा मंडल अध्यक्ष चन्द्रमोहन शर्मा, एसटी मोर्चा के छुट्टन मीना, राजेश शर्मा, बाबूलाल मीणा, मनराज वैष्णव,पृथ्वीराज मीणा आदि मौजूद थे।
इनका कहना है....
टंकी निर्माण के टेण्डर भरतपुर के उच्च अधिकारियों द्वारा किए गए थे। इस संबंध में कई बार ठेकेदार को नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन वह काम शुरू नहीं कर रहा है। ऐसे में अब उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करके दुबारा नए सिरे से टेण्डर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- रामनिवास मीणा, अधीक्षण अभियंता, जलदाय विभाग, सवाईमाधेापुर।





No comments:
Post a Comment