सवाईमाधोपुर. नाननवास घाटी मेंगुरुवार तड़के हुई पैंथर की मौत के मामले में अब दो विभाग विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। वन विभाग की ओर से पैंथर का शिकारियों द्वारा गोली मारकर शिकार करने की बात कही गई थी वहीं चिकित्सक अब पैंथर के शरीर में कंकर घुसने कारण उसकी मौत को सामान्य करार दे रहे हैं। इधर जब फोरेस्टर से वहां मिली बाइक के बारे में जानकारी ली तो बताया कि कोई रास्ते से गुजर रहा होगा रात के अंधेरे में डर या हड़बड़ाहट में उसे वहां छोड़ गया।
इंफेक्शन के कारण हुई मौत
गुरुवार को मरे पैंथर का सवाईमाधोपुर में पोस्टमार्टम कराया गया था इसके लिए पैंथर के शव को सवाईमाधोपुर के पशु चिकित्सालय में लाया गया था। यहां चिकित्सकों की टीम ने पैंथर का पोस्टमार्टम किया। पोस्मार्टम टीम में शामिल रहे डॉ. राजकुमार अग्रवाल के अनुसार पैंथर को इन्फेक्शन था। इसी के चलते उसकी मौत हुई थी।
तीन दिन पुराना था घाव
चिकित्सकों ने बताया कि पैंथर के शरीर पर मिला घाव भी ताजा नहीं था। यह घाव भी कम से कम तीन दिन पुराना था। जमीन में रगड़ लगाकर मरने से उसके शरीर में कंकर घुसने के निशान बन गए थे जिससे पैंथर की मौत हुई थी।
वन विभाग ने जताया था शिकार का संदेह
पैंथर की मौत के मामले में पूर्व में वनकर्मियों ने शिकार की आशंका जताई थी। फोरेस्टर जलसिंह गुर्जर ने बताया कि जिस समय वे घटना स्थल पर गए उस समय वहां मोटरसाइकिल खड़ी होना व बंदूक चलने जैसी आवाज के बारे में ग्रामीणों द्वारा बताने के संदेह पर ऐसा लगा कि पैंथर को शिकारियों ने मारा है।
त्वचा पर सूजन व हार्ट पर मिली परत
चिकित्सकों ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान पैंथर की त्वचा पर बहुत अधिक सूजन मिली है। साथ ही हार्ट में ब्लोकेज के कारण मोटी परत जम गई थी ऐसे में पैंथर की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका है।
भरतपुर भेजे जाएंगे सैंपल
पैंथर के पोस्टमार्टम के दौरासन चिकित्सकों की ओर से पैंथर की त्वचा आदि के नमूने लिए गए हैं। यह नमूने अब भरतपुर स्थित लैब में भेजे जाएंगे। भरतपुर से करीब एक माह में डिटेल रिपोर्ट आएगी। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इनका कहना है...
पोस्टमार्टम के बाद प्रथम दृष्टया पैंथर की मौत बीमारी के कारण हुई हैग्। हालांकि पैंथर की त्वचा के सैंपल भरतपुर भेजे जा रहे हैं। वहां से सैंपल आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- राजकुमार अग्रवाल, पशु चिकित्सक, सवाईमाधोपुर।





No comments:
Post a Comment