गंगापुरसिटी . सरकार की ओर से किसानों की उपज का उचित मूल्य देने के लिए शुरू किए गए समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र अव्यवस्था एवं बदहाली के तले कराह रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद इन केन्द्रों पर न तो छांव के लिए कोई इंतजाम हैं और ना ही ठंडे पानी की कोई व्यवस्था। इसके चलते किसान एवं पल्लेदार तन झुलसा देने वाली धूप में उपज तुलवाने को मजबूर हैं।
खास बात यह है कि समर्थन मूल्य पर कृषि जिंस की खरीद भी दलालों के साए में है। किसान उचित मूल्य की आस में अपनी उपज सरकारी कांटे पर लेकर आ रहे हैं, लेकिन यहां आने पर खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि दलालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि किसानों से सरेआम सरकारी कांटे पर उपज तुलाने के लिए पैसे की मांग कर रहे हैं। क्रय-विक्रय समिति की ओर से उदेई मोड़ स्थित नवीन फल-सब्जी मंडी में किसानों की उपज को समर्थन मूल्य पर तोलने के लिए कांटे लगाए गए हैं।
बुधवार को यहां आए एक किसान ने आरोप लगाया कि वह सरकारी खरीद केन्द्र के कांटे पर सरसों लेकर आया था। यहां तुलवाने के लिए सम्पर्क किया तो क्वालिटी चेक करने में लगे कार्मिकों ने सरसों की क्वालिटी खराब बताकर सरसों तोलने से मना कर दिया। किसान का आरोप है कि इसके बाद यहां मौजूद दलाल ने उससे सम्पर्क कर उसकी सरसों तुलवाने की बात कही। आरोप है कि दलाल ने जिंस तुलवाने की एवज में १ हजार रुपए की मांग की। किसान के मना कर देने पर उसकी सरसों को नहीं तेाला गया। इसके बाद किसान ने मिनी सचिवालय जाकर उपजिला कलक्टर को इसकी शिकायत की है।
छाया का नहीं इंतजाम
क्रय-विक्रय समिति के नवीन फल-सब्जी मंडी स्थित सरकारी खरीद केन्द्र पर धूप से बचने के लिए कोई इंतजाम नही हैं। यहां अपनी फसल लेकर आ रहे किसान खुले आसमान के तले झुलसा देने वाली दोपहरी में अपनी उपज तुलावा रहे हैं। पल्लेदार भी पसीने-पसीने होकर किसानों की फसल तोल रहे हैं। सरकारी खरीद केन्द्र पर छाया-पानी के कोई इंतजाम नहीं है। तन झुलसा देने वाली गर्मी में यहां छाया-पानी के लिए कोई इंतजाम नहीं किए जाने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंडे पानी के नाम पर ड्रमों में पानी भरकर रखा हुआ है।
- राधेश्याम, जीवली निवासी किसान
किसान ने लगाए आरोप
सरकार की ओर से शुरू की गए समर्थन मूल्य के कांटे पर उपज के अच्छे दाम मिलने की आस में २६ कट्टे सरसों के लेकर आया था। यहां बताया गया कि यदि सरसों तुलवानी है तो १ हजार रुपए देने होंगे। मैंने दोपहर में इसकी शिकायत उपजिला कलक्टर से की है।
- सत्यनारायण, किसान श्यारौली
इनका कहना है
क्रय-विक्रय समिति की ओर से चल रहे सरकारी खरीद कांटे पर कुछ बाहर के दलाल किसानों से तुलाई के नाम पर रुपए की मांग कर रहे हैं। किसान किसी भी बाहरी व्यक्ति के बहकावे में नहीं आएं। किसी भी व्यक्ति द्वारा रुपए मांगने पर कार्यालय में सम्पर्क करें। खरीद केन्द्र पर पानी के ड्रम एवं कैम्पर रखवाए हैं। छाया के लिए टैन्ट की व्यवस्था की गई थी, लेकिन पिछले दिनों आए अंधड़ से टैन्ट उड़ गया। ठेकेदार को दोबारा टैन्ट लगाने के लिए कहा है।
- राकेश कुमार शर्मा, मुख्य व्यवस्थापक क्रय-विक्रय समिति गंगापुरसिटी





No comments:
Post a Comment