उदयपुर/ झाड़ोल. उदयपुर-ईडर वाया झाड़ोल के बीच निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम आरवड़ा में खोदी गई 15 फीट गहरी सड़क से बाधित आवागमन की समस्या बुधवार को गहरा गई। ग्रामीणों ने समस्या के विरोध में ज्ञापन देकर मौके पर पुलिया निर्माण की मांग की।
इससे पहले भाजपा नेता नीलमराम पुरोहित, शंकर लाल गायरी, मनीष पुरोहित, भीमराज गायरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासानिक अधिकारियों को ज्ञापन देकर नेशनल हाई-वे 58 ई के निर्माण के दौरान गणेशपुरा से जाने वाले मार्ग पर हुई गहरी खुदाई से कटे संपर्क की समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि फिलहाल लोग समीपवर्ती खेतों पर उतरकर दूसरे छोर पर पहुंच रहे हैं, लेकिन बुवाई के दौरान इस निर्माण से ग्रामीणों को 5 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ेगा। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीण आवरड़ा से गुजरते हाई-वे के बीच टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कार्य निर्माण में सक्रिय एजेंसी के नुमाइंदों को काम नहीं करने दिया था। इस दौरान संवेदक की ओर से कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद भी मौके पर पुलिया निर्माण को लेकर पहल नहीं हुई। इससे खफा होकर ग्रामीणों ने एक बार फिर पुराने तरीके से काम रोकते हुए नाराजगी जताई।
करेंगे समस्या समाधान
ग्रामीणों की ओर से ज्ञापन देकर समस्या बताई गई है। प्रशासनिक स्तर पर समस्या का हल तलाशने के प्रयास किए जाएंगे।
पर्वतसिंह चूण्डावत, उपखण्ड अधिकारी, झाड़ोल





No comments:
Post a Comment