उदयपुर/ कानोड़. भींडर-कानोड़ सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह तस्करी के वाहन की चपेट में आए बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। तस्करी में लिप्त चालक ने दुर्घटना के बाद भी वाहन नहीं रोका और बोनेट पर गिरे दूसरे घायल को फिल्मी अंदाज में करीब एक किलोमीटर तक ले गया। आगे जाकर चालक ने हौंसला तोड़ दिया और वाहन को सारंगपुरा बस स्टैण्ड पर मौके पर छोड़कर भाग निकला। इधर, वाहन की छानबीन के दौरान पुलिस ने वाहन में लदा 8.58 क्विंटल डोडा चूरा जब्त कर वाहन बरामद किया। पुलिस मामले में तस्कर एवं लिप्त वाहन चालक की तलाश कर रही है।
घटना सुबह करीब ६ बजे की है, कानोड़-भींडर मार्ग पर तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन चालक ने सामने से आते राजापाकर थाना बिहार निवासी भोला (28) पुत्र सगुनी साहनी को चपेट में ले लिया। घटना में भोला ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि तेज गति से हुई टक्कर में बाइक पर पीछे बैठा बिहार निवासी सुरेंद्र पुत्र श्याम साहनी टक्कर के बाद पिकअप के बोने पर जा गिरा। धमाके की आवाज सुनकर बड़वाई बस स्टैण्ड पर खड़े लोग मौके पर पहुंचे और रोगी वाहन १०८ से घायल को चिकित्सालय पहुंचाया। इधर, टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि दोनों युवक बिहार के रहने वाले हैं, जो कि क्षेत्र में मजदूरी कर गुजारा करते थे।
बोरों में भरा था डोडा चूरा
टक्कर के बाद भी चालक वाहन को मौके से भगाने के प्रयास में था, लेकिन घायल को बोनेट पर देखकर उसने हिम्मत तोड़ दी। सूचना पर डूंगला थाना पुलिस अधिकारी दलपतसिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और बिना नंबर का वाहन बरामद किया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
तोड़बट्टा करती है पुलिस!
स्थानीय लोगों की मानें तो क्षेत्र में तस्करी का धंधा लंबे समय से यथावत है। वाहन पुलिस के हत्थे चढ़ते ही तोड़बट्टा शुरू हो जाता है। कैमरों से बचने के लिए पुलिस मामला तो दर्ज करती है, लेकिन डोडा चूरा के वजन में गड़बड़ी कर गिरफ्तारी दिखाने का खेल नहीं छोड़ती। जब्त वाहन की चोरी का मामला किसी अन्य थाने में दर्ज हो जाता है और तस्कर छूट निकलता है। वर्दी के इस खेल से हर आम अवगत है, लेकिन समस्या के समाधान पर किसी का ध्यान नहीं।





No comments:
Post a Comment