बघेरा (अजमेर).
कस्बे में वराह मंदिर के निकट स्थित आस्था का धाम पवित्र वराह सरोवर में रियासत काल से ही मत्स्य आखेट, प्रवासी पक्षीयों के शिकार करने, महिलाओं के स्नान करने, सरोवर में गंंदगी फैलाने पर पांबदियां लगी हुई है, इसके बावजूद इन दिनों कुछ असामाजिक तत्व चोरी छिपे सरोवर से रात्रि में मत्स्य आखेट कर रहे है। इससे श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि देर रात को असामाजिक तत्व सरोवर में जाल लगाकर मछलियों का शिकार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरोवर में इन दिनों सुबह यहां वहां मरी हुई या घायल अवस्था में मछलियां नजर आती है। जिससे सरोवर से मछलियां निकालने की पुष्टि होती है।
कुछ युवा ग्रामीण भी सरोवर के परिक्रमा मार्ग पर रात्रि में बारी-बारी से गश्त करने का मानस बना रहे है, ताकि इन असामाजिक तत्वों पर अंकुश लग सके। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से भी इस ओर ध्यान देने की मांग की है। इसी प्रकार वराह सरोवर के निकट स्थित नयाकुंआ की सफाई करवाने की मांग ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में पानी की कमी है और इस कुएं में पानी पर्याप्त मात्रा में है लेकिन कुएं पड़ी गंदगी से पानी का स्वाद बिगड़ा हुआ है। कुएं की सफाई होने पर यह कुआं ग्रामीणों के लिए पेयजल का अच्छा स्त्रोत साबित हो सकता है।





No comments:
Post a Comment