Breaking News
recent

विश्व कप क्रिकेट : बारिश भी अगर टीम होती तो अंक तालिका में नंबर वन पर काबिज होती

नॉटिंघम : आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में गुरुवार को बारिश के कारण एक भी गेंद खेले बिना भारत और न्यूजीलैंड का मैच रद्द हो गया। इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका। विश्व कप में बारिश के कारण रद्द होने वाला यह चौथा मैच है। बता दें कि इससे पहले किसी भी क्रिकेट विश्व कप में बारिश के कारण इतने ज्यादा मैच रद्द नहीं हुए हैं।

सुबह से ही हो रही थी बारिश

नॉटिंघम के इस मैच को लेकर पहले से ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि मैच में बारिश बाधा डाल सकती है और यह मैच रद्द हो सकता है। आखिरकार यह आशंका सही साबित हुई। सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही। ग्राउंड्समैन की तमाम कोशिशों के बावजूद मैदान को खेलने लायक नहीं बनाया जा सका।

इसे भी पढ़ें : World Cup 2019 Live : भारत-न्यूजीलैंड मैच रद्द, अब तक चार मैच बारिश में बहे

चार में से तीन मैचों में टॉस तक नहीं हो सका

बारिश के कारण यह चौथा मैच है, जो रद्द हुआ। लेकिन खास बात यह है कि इनमें से तीन मैचों टॉस तक नहीं हो सका। भारत-न्यूजीलैंड के अलावा अभी तक दक्षिण अफ्रीका-वेस्टइंडीज, श्रीलंका-पाकिस्तान और श्रीलंका-बांग्लादेश के मैच रद्द हो चुके हैं। इनमें से सिर्फ दक्षिण अफ्रीका और विंडीज के मैच में ही कुछ ओवर्स हो सके थे। इसमें भी सिर्फ 7.3 ओवरों का ही खेल हो सका था।

इसे भी पढ़ें : विश्व कप क्रिकेट : जीत की उम्मीद जगाकर हारा पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया 41 रन से जीता

अंक तालिका में मौसम ने मारी बाजी

बारिश के कारण अंक तालिका की स्थिति बेहद रोचक हो गई है। अगर मौसम को भी एक टीम मान लें तो बारिश चार मैचों की विजेता है। इस तरह अंक तालिका में वह पहले स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड चार मैचों में तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा अन्य टीमें हैं।

देखें टैली

विश्व कप क्रिकेट
क्रम/टीम मैच जीते हारे ड्रॉ अंक
1. बारिश 4

4 0 0 8
2. न्यूजीलैंड 4
3 0 1 7
3. ऑस्ट्रेलिया 4
3 1 0 6
4. भारत 3
2 0 1 5
5. इंग्लैंड 3
2 1 0 4
6. श्रीलंका 4
1 1 2 4
7. विंडीज 3
1 1 1 3
8. बांग्लादेश 4 1 2 1 3
9. पाकिस्तान 4 1 2 1 3
10. द. अफ्रीका 4 0 3 1 1
11. अफगान 3 0 3 0 0

इसे भी पढ़ें : विश्व कप क्रिकेट : श्रीलंकाई स्टार गेंदबाज लसिथ मलिंगा की सास का निधन, लौटेंगे स्वदेश

विश्व कप में ये हैं अपराजेय टीमें

इस विश्व कप में अभी तक दो ही टीमें अपराजेय हैं-न्यूजीलैंड और भारत। लेकिन अगर आप इस रोचक अंक तालिका पर नजर डालेंगे तो एक और अपराजेय टीम नजर आ रही है। वह है बारिश। वह भी अंक तालिका में सबसे ऊपर।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.