सादड़ी. मानसून का देश में प्रवेश हो चुका है। रणकपुर मार्ग पर पुलिया का निर्माण अब तक अधूरा पड़ा है। एेसे में बारिश पूर्व इस मार्ग के क्षतिग्रस्त पुलियों का पुन:निर्माण नहीं हुआ तो मघाई नदी उफान के समय मार्ग अवरुद्ध हो जाएगा। दूसरी ओर कई जगह आनन-फानन में शुरू किए गए निर्माण कार्य में पुलिया के स्लेब की बराबर पानी छंटाई नहीं होने व गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। यहां पुलिया की साईड एप्रोच दबने से दो-तीन जगह ठोकर बन गई है। जो आए दिन दुपहिया व चौपहिया वाहन चालक व राहगीरों को दर्द दे रही है। हालंाकि विभाग इन्हें तुड़वाकर दुबारा बनवाने की बात कर रहा है, लेकिन समय रहते निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो आवागमन कैसे सम्भव हो पाएगा इस पर संशय बना हुआ है।
अरावली पर्वतमालाओं में विगत वर्ष २०१६ व २०१७ की मूसलाधार बारिश के बाद उफान पर आई मघाई नदी से रणकपुर मार्ग पर सूर्यमन्दिर, किंगएबोर्ट व विजयवल्लभ पुलिया क्षतिग्रस्त हो गए। इन सभी पुलिया में कई जगह सरफेस बेस तो कई जगह पिलर के पत्थर निकल गए। पत्रिका द्वारा मामला उठाए जाने पर विभाग ने इनके पुन: निर्माण को लेकर तखमीना बनाकर सरकार को भेजा। पूर्ववर्ती राज्य सरकार ने चुनाव से पूर्व बजट मुहैया करवाकर आनन-फानन में निर्माण शुरू करवाया, जो नई सरकार के गठन के बाद बजट के अभाव में ठेकेदारों द्वारा काम बंद कर दिया गया। ऐसे में पुलिया निर्माण कार्य अटक गया।
विश्व पर्यटन स्थल राणकपुर तीर्थ से जुड़ी सडक़ व सैलानियों के आवागमन की दिक्कतों को देखते हुए विभाग ने ठेकेदारों को अपनी साख पर आनन-फानन में वैकल्पिक निर्माण पूर्ण करवाकर किंगएबोर्ट व विजयवल्लभ पुलिया से आवागमन शुरू करवाया। पानी की तराई में कमी व गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने से कई जगह पुलियों ने साथ छोड़ दिया। किंगएबोर्ट पुलिया पर एक बारिश में छत पर गड्ढे पड़ गए। विजय वल्लभ पुलिया पर दो-तीन खतरनाक ठोकरें बन गई। हालंाकि इन्हें वापस तुड़वाकर निर्माण कराने की बात विभाग कह रहा है। किंगएबोर्ट पुलिया की सरफेस बेस भरवाने सहित विविध कार्य की धीमी गति को देखते हुए अधूरे पड़े विजयवल्लभ पुलिया का निर्माण बारिश से पूर्व होने पर संशय है।
इनका कहना है
मैंने ठेकेदार से निर्माण के दौरान सामग्री कम उपयोग लेने सहित घटिया निर्माण सामग्री उपयोग करने की विभागाधिकारियों को शिकायत की, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। विजयवल्लभ पुलिया की दो-तीन जगह से ऊपरी छत दबने पर ठोकर बन गई है, जो दुपहिया व चौपहिया वाहनचालकों के लिए परेशानी बनी हुई है। विभाग वापस कब तुड़वाकर बनवाएगा। मानसून नजदीक है, समय रहते कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो आवागमन अवरूद्ध हो जाएगा।
दिनेश मीणा, पालिकाध्यक्ष, नगरपालिका, सादड़ी
बारिश से पूर्व पूरा करवाने के प्रयास
पुलिया निर्माण की शिकायत पर हमने पुन: निर्माण शुरू करवाया है। ठेकेदार फिलहाल किंगएबोर्ट पुलिया पर काम कर रहा है। यहा से फ्री होते ही विजयवल्लभ पुलिया की छत पुन: तुड़वाकर भरवाई जाएगी। बारिश पूर्व निर्माण पूर्ण करवाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। आवागमन अवरूद्ध नहीं होने देंगे।
डीआर. माधव, अधिशासी अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, बाली





No comments:
Post a Comment