Breaking News
recent

मां-बेटी पानी की टंकी में मृत मिली, हत्या का आरोप

- नयाशहर थाना क्षेत्र की घटना
- महिला थाने में दहेज प्रताडऩा व हत्या का मामला दर्ज
बीकानेर. नयाशहर थाना क्षेत्र के नत्थूसर बास में एक विवाहिता अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ पानी की टंकी में मृत मिली। मां-बेटी के मृत मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को टंकी से निकलवाया तथा पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मां-बेटी की मौत पर पीहर पक्ष के लोगों ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर मां-बेटी को मारकर पानी की टंकी में डालने का आरोप लगाया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने मोर्चरी के सामने विरोध-प्रदर्शन भी किया। मृतका की शादी को चार साल होने के कारण मामला महिला थाने में दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने मृतका के पति को राउंडअप कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
महिला थानाधिकारी मनोज माचरा के मुताबिक रविवार सुबह नत्थूसर बास स्थित कमलकांत के घर में २५ वर्षीय प्रेरणा अपनी दो वर्षीय बेटी रिद्धी के साथ पानी की टंकी में मृत मिली। वारदात की सूचना मिलने पर सीओ सिटी सुभाष शर्मा एवं नयाशहर थाना प्रभारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़ ने मौका मुआयना किया।
पति सहित सास-ससुर पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता सूरतगढ़ तहसील के ठुकराना गांव निवासी मोहनलाल स्वामी की रिपोर्ट पर महिला पुलिस थाने में पति सहित सास-ससुर व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि बेटी प्रेरणा की शादी २९ जनवरी-१५ को बीकानेर निवासी कमलकांत पुत्र रविकांत के साथ हुई थी। शादी के समय ही दहेज में दस लाख रुपए देने की बात को लेकर कमलकांत, रविकांत, मंजू देवी, मुरलीधर के साथ विवाद हो गया था। तब समाज के लोगों ने समझाया। विवाह के समय पांच लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान दहेज में दिया। शादी के कुछ दिनों बात ही आरोपी पांच लाख रुपए नकद या नया मकान बनवाकर देने को लेकर प्रेरणा को परेशान करने लगे। मृतका के पिता मोहनलाल स्वामी ने बताया कि शनिवार शाम को प्रेरणा ने फोन कर कहा कि रुपए नहीं देने पर ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। शनिवार रात आरोपियों ने मारपीट कर मां-बेटी को पानी की टंकी में डाल दिया।
आरोपी राउंडअप, पूछताछ जारी
मेडिकल बोर्ड से दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। प्रथम दृष्टया दहेज प्रताडऩा व हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पति को राउंडअप कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
सुभाष शर्मा, सीओ सिटी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.