उदयपुर. शहर में देर रात ठोकर चौराहे से प्रताप नगर जा रही कार प्रताप नगर रेलवे स्टेशन के दूसरे छोर पर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। घटना में डीजल टैंक फूटने से कार ने आग पकड़ ली। इससे पहले सभी कार सवार जैसे-तैसे कार से बाहर निकल गए। इनमें से तीन जनों को महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय भर्ती कराया गया। वहीं एक युवक नशे की हालत में समीप ही सुरक्षित मिला। सूचना पर दो दमकल वाहनों ने फायर कर आग पर काबू पाया। सड़क के बीच में हुई घटना के बाद दोनों ओर जाम लग गया। पुलिस ने वाहन को एक किनारे कराकर देर रात यातायात व्यवस्था बहाल की।
हुआ यूं कि डूंगरपुर के दरियाटी निवासी जिग्नेश पुत्र रामलाल कलासुआ उसके अन्य साथियों के साथ रात करीब 12.30 बजे प्रतापनगर चौराहे की ओर जा रहा था। तभी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना के तुरंत बाद कार सवार नीचे उतर गए और कार ने आग पकड़ ली। सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस व चेतक गश्ती दल के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया। घटना में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस की माने तो जिग्नेश बोलने की अवस्था में नहीं है। घायल अन्य तीनों की समाचार लिखे जाने तक पहचान नहीं हुई। वाहन चालक का भी पता नहीं चल पाया।





No comments:
Post a Comment