उदयपुर/ अदवास. सराड़ा उपखण्ड क्षेत्र के सेमाल व नईझर ग्राम पंचायतों में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। जलदाय विभाग की सप्लाई के साथ क्षेत्र के कुओं, तालाबों, हैण्डपंपों व ट्यूबवेलों पूरी तरह जवाब दे चुके हैं। ऐसे में गांव समीप जयसमंद झील के सूखते पेंदे में बचे गंदे पानी को पीकर स्थानीय लोग तपन भरी गर्मी में दिन काट रहे हैं। झील के पेटे में होकर भी इनके हाल पानी में मीन प्यासी जैसे बने हुए हैं। गौरतलब है कि बारिश के दिनों में जयसमंद झील में पानी भरने के साथ ही पानी क्षेत्र के निज आवासों को छूने लगता है। सर्दी और गर्मी में पानी की किल्लत इन लोगों ने गहरी समस्या बन जाती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी ओर से स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा सांसद व विधायक से भी पेयजल की सुविधा कराने की मांग की गई, लेकिन उनकी समस्याओं का किसी स्तर पर समाधान नहीं हुआ। परेशानी भरे दिनों में लोगों ने एक बार फिर से स्थानीय प्रशासन से पेयजल सुविधा के लिए टैंकर की सप्लाई कराने की मांग की है।
कोई नहीं सुनता
हैंडपंप बंद हैं। जलदाय विभाग की टंकी भी खाली है। मार्च से आज तक चार बार प्रस्ताव बनाकर जलापूर्ति के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की। हर बार की तरह पंचायत समिति प्रशासन से केवल आश्वासन ही हाथ लगा है। लोग मजबूरी में झील का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
मांगीलाल मीणा, सरपंच, सेमाल





No comments:
Post a Comment