Breaking News
recent

मावली चौराहे पर गुजरते समय बस एक 'चूक कर सकती है आपको तबाह!

उदयपुर/ मावली. अगर आप फतहनगर फोरलेन पर किसी वाहन से गुजर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। मावली स्थित महादेव मंदिर के सामने फोरलेन पर आपकी एक चूक आपको तबाही की ओर धकेल सकती है। रात के समय इसका विशेष ध्यान रखिएगा। आरएसआरडीसी की लापरवाही से सड़क के बीच बना बड़ा गड्ढा यहां गुजरते वाहनों को हर समय चुनौती दे रहा है। रफ्तार के बीच आम वाहन सवार अनियंत्रित होकर इस गड्ढे पर एकाएक ब्रेक लगाता है तो उसके पीछे आने वाला वाहन उसे चपेट में ले लेता है। ब्रेक नहीं लगाने पर वाहन अनियंत्रित हो जाता है। वाहन गुजर भी गया तो बरसात में ब्रेक लगाते समय स्लीप होने का डर यहां हर समय सताता रहता है। रात के अंधेरे में गड्ढे में भरा बरसाती पानी इसके होने का अहसास भी नहीं कराता। ऐसे में यहां होकर गुजरने में जरा सी अनदेखी आपको मुसीबत में डाल सकती है। दुपहिया वाहन सवारों के तो आए दिन गिरने की घटनाएं हो रही हैं। इधर, कस्बे के लोगों का आरोप है कि मार्ग पर मंदिर के समीप बने टैक्सी स्टैण्ड के पास पानी की टंकी भी है, सूखे दिनों में टंकी का पानी भी यहां आकर भर जाता है। लोगों की ओर से कार्पोरेशन से व्यवस्था सुधार करने की गुजारिश की गई है।

पहले भी चेताया था
गड्ढे की समस्या नई नहीं है। राजस्थान पत्रिका ने पहले भी खबरों के माध्यम से प्राधिकरण प्रबंधन का ध्यान खामी की ओर खींचा था। इसके बाद प्राधिकरण ने पेंच कार्य से व्यवस्था बहाली के प्रयास किए थे, लेकिन गत दिनों हुई बरसात और इस पर होकर गुजरने वाले ओवरलोडेड वाहनों के चक्कों से गड्ढे का पेच कार्य दम तोड़ चुका है। अब इसने मुसीबत का बड़ा रूप ले लिया है।

आमंत्रित की निविदाएं
स्टेट हाई-वे के फोरलेन पर पेंचवर्क को लेकर निविदाएं आमंत्रित की हैं। प्रयास हैं कि पेंच कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
हेमा नायक, परियोजना निदेशक, आरएसआरएसडी



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.