Breaking News
recent

आवास योजना में हैराफेरी, खाते में नहीं पहुंची दो किश्ते

उदयपुर/ गोगुंदा. कोटड़ा क्षेत्र के तेजावास ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि में हैराफेरी का मामला सामने आया है। लाभार्थी को बीते दो साल में स्वीकृत राशि का ढेला भी नहीं मिला। लेकिन, ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार लाभार्थी के खाते में दो किश्तें जारी करना बताया जा रहा है। मामले के खुलासे के बाद पीडि़त आवेदक ने इसकी शिकायत जिला कलक्टर के समक्ष की। इस पर गलतियों पर पर्दा डालते हुए ग्राम पंचायत सचिव ने राशि गलत खाते में चली जाने की दलील दी। साथ ही मामले में बैंक प्रबंधक को पत्र लिखकर संबंधित राशि खाते में स्थानांतरण करना बताया।
इससे पहले तेजावास ग्राम पंचायत के बाकावास गांव निवासी भगाराम पुत्र जगाराम गमेती ने वर्ष 2017 में पंचायत मे आवास योजना के तहत आवेदन किया था। पंचायत ने कच्चे मकान की जीओ टेकिंग की और मकान का काम चालू कराने को कहा। भगाराम ने मकान का काम चालू किया। नींव खुदने तक का काम कर पंचायत ने पुन: जीओ टेकिंग कर समीक्षा की। जिम्मेदारों ने प्रथम किश्त शीघ्र ही खाते में आने का भरोसा दिलाया। भगाराम ने किसी तरह उधारी व जेवर बेच कर राशि का इंतजाम किया। साथ ही मकान निर्माण कार्य यथावत रखा। बावजूद इसके दो साल बाद भी उसके खाते में मकान की किश्त के नाम पर एक रुपए नहीं आए। उसने ग्राम पंचायत के कई चक्कर काटे। अंतत: ४ जून को जिला कलक्टर को इसकी शिकायत की।

पर्दे के पीछे का खेल
पीएम आवास योजना में कमीशन व हैराफरी जैसे खेल आए दिन सामने आते हैं। आवास किसी के नाम स्वीकृत कर राशि को किसी अन्य खाते में डालना, बाद में दूसरे खाताधारक को कमीशन की कुछ राशि देकर आरोपियों की ओर से पूरी राशि डकार जाना। ऐसी घटनाओं के बावजूद व्यवस्था में सुधार होता नहीं दिख रहा है। ग्राम पंचायत की मानें तो भगाराम के खाते में 16दिसबंर 2017 को प्रथम किश्त के 30हजार व 4मई 2019 को दूसरी किश्त के 48 हजार रुपए स्थानांतरित किए गए हैं।
मानवीय भूल माना
कलक्टर से मिली शिकायत पर ग्राम सेवक ने मानवीय भूल बताकर राशि को गलत खाते में जाना बताया। बैक प्रबंधक को खाते में सुधार कर राशि भगाराम के खाते में हस्तांतरित करने की बात कही है। मामले की जांच की जाएगी। गलत मंशा स्पष्ट होने पर विभागीय कार्रवाई होगी।
धनपतसिंह, विकास अधिकारी, कोटड़ा



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.