दौसा. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सोमवार को जारी किए गए दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जिले के विद्यार्थियों का प्रदर्शन गत वर्ष की तुलना में कमतर रहा। इस बार जिले का परीक्षा परिणाम 76.19 प्रतिशत रहा, जबकि गत वर्ष 77.32 प्रतिशत रहा था। गत वर्ष से 1.13 प्रतिशत कम परिणाम रहा। परीक्षा परिणाम आते ही जिन छात्रों के अच्छे अंक आए, उनमें खुशी की लहर दौड़ पड़ी। जिला व राज्य स्तर की वरीयता सूची नहीं आने के कारण लोग स्कूल में अन्य विद्यार्थियों से ही तुलना करते रहे। सरकारी स्कूलों का परिणाम भी अच्छा रहा।
छात्राएं रहीं पीछे
जिले में 36093 परीक्षार्थियों में से 27499 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। 19400 छात्रों में से 14948 (77.05 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए। वहीं 16693 छात्राओं में से 12 हजार 551 (75.19 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुई। प्रथम श्रेणी से 5429, द्वितीय श्रेणी 6776 व तृतीय श्रेणी से 2742 छात्र उत्र्तीण हुए। वहीं छात्राओं में प्रथम श्रेणी से 4107, द्वितीय से 6052 व तृतीय श्रेणी से 2392 उत्र्तीण हुई।
इंटरनेट पर रिजल्ट तलाशते रहे लोग
ज्यों ही दोपहर सवा तीन बजे परीक्षा परिणाम घोषित हुआ लोग इन्टरनेट पर परिणाम देखने लगे। बोर्ड की वेबसाइट कुछ देर तक नहीं खुली। इससे लोग परेशान हुए। हालांकि कुछ देर बाद वेबसाइट चल गई। इधर जिन लोगों के पास मोबाइल पर इन्टरनेट की सुविधाएं नहीं थी, वे ई-मित्र केन्द्रों पर परीक्षा परिणाम खोजने में जुटे रहे।
प्रवेशिका में आधे भी पास नहीं हुए
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने प्रवेशिका का भी परिणाम जारी किया, लेकिन जिला का परिणाम खराब रहा। आधे परीक्षार्थी भी उत्तीर्ण नहीं हुए। जबकि पिछले साल 70.33 परीक्षार्थीउत्तीर्ण हुए थे। इस बार जिले में 517 परीक्षार्थियों में से 246 विद्यार्थी (47.58 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए। 215 छात्रों में से 111 (51.63 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए। वहीं 302 छात्राओं में से 135 (44.70 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुई। प्रथम श्रेणी से 57, द्वितीय श्रेणी 135 व तृतीय श्रेणी से 54 विद्यार्थी उत्र्तीण हुए।
दसवीं बोर्ड परिणाम एक नजर में...
परीक्षार्थी बैठे 36093
उत्तीर्ण 27499
छात्रों का प्रतिशत 77.05
छात्राओं का प्रतिशत 75.19
परीक्षा परिणाम 2019 76.19
परीक्षा परिणाम 2018 77.32
परीक्षा परिणाम 2017 75.67
परीक्षा परिणाम 2016 71.67
परीक्षा परिणाम 2015 71.00





No comments:
Post a Comment