कोटा/रावतभाटा.
कोटा जिले और आसपास के क्षेत्रों में मानसून मस्ती के साथ झूम रहा है। समीपवर्ती चित्तौडगढ़ जिले पर भी बदरा मेहरबान है। अणु नगरी के नाम से ख्यात रावतभाटा शहर में गुरुवार रात से शुक्रवार सायं करीब चार बजे तक काली बदरिया झूमकर बरसी। शुक्रवार दिनभर और सायं के बाद भी हल्की बरसात का दौर चलता रहा। लगातार तीन दिन अच्छी बरसात से सूखे पड़े-कुएं-बावड़ी, खाळों व नालों सहित अन्य जलस्रोतों में पानी की आवक हो गई है। राणाप्रताप सागर बांध में 17 हजार 424 क्यूसेक प्रति घंटा पानी की आवक बनी हुई है। बांध का जलस्तर 1136 .99 फीट पहुंच गया। गत 24 घंटे से हो रही बरसात से शुक्रवार शाम तक बांध में 2 लाख 4 हजार 732 क्यूसेक पानी की आवक हो चुकी थी। चारभुजा मौसम वैधशाला के अनुसार क्षेत्र में 24 घंटों में 83.60 एमएम बरसात दर्ज की गई।
रास्तों में भरा पानी
लगातार बारिश से शहर के सिंचाई विभाग कॉलोनी, नीचे बाजार क्षेत्र के अलावा कई रास्तों में पानी का भराव होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। कोटा रोड पर स्थित जीएसएस से बाड़ौलिया गांव तक सड़क के एक साइड में पानी भरने से वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। वाहन चालक दूसरी साइड से आते जाते रहे। इसी प्रकार कब्रिस्तान की ओर जाने वाले मार्ग पर भी पानी की चादर चलती रही।
अवरूद्ध नाले का किया खुलासा
नगरपालिका के दस्ते ने शुक्रवार को यहां पालिका के पास स्थित अवरूद्ध नाले से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पानी की निकासी कराई। गणेश नगर सहित आसपास की अन्य कॉलोनियों में भरने वाले पानी की निकासी के लिए पालिका ने रोड क्रॉस कर नाला बनाया हुआ है। लंबे समय से सफाई नहीं होने से कॉलोनी क्षेत्र में भरे पानी ने तलाई का रूप ले रखा था। शुक्रवार को नगरपालिका के दस्ते ने दमकल से पानी के प्रेशर से नाले में जमा मलबा हटावाया।
टपकने लगी सरकारी इमारतें
रावतभाटा में गुरुवार रात से लगातार जारी बरसात से सरकारी भवनों की छतें टपकने लगी। सिंचाई विभाग की कॉलोनी में वार्ड 7 व 9 में लोगों के घरों में बरसात का पानी इक_ा हो गया। बोराव क्षेत्र के राजकीय विद्यालय परिसर में एक फीट पानी भर गया। पुलिस थाने के सामने स्थित नोडल पशु चिकित्सालय के भवन के गलियारे व कक्षों की छत टपकने से चारों पानी फैल गया। कोटा रोड स्थित परमाणु बिजलीघर के सीएसआर में निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ऑपरेशन थिएटर के दरवाजे के बाहर छत से टपकता पानी गलियारे में फैल गया। प्रसुति वार्ड के पास भरे पानी से तीमारदारों को परेशानी हुई। नगरपालिका कार्यालय भवन के कुछ कक्षों की छतें भी टपकी।





No comments:
Post a Comment