Breaking News
recent

एसी कोच में महिला की हत्या मामले में 50 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस

- पति के साथ सूरत जा रही थी महिला
- 20 मई की रात टॉयलेट में गला दबाकर की गई थी हत्या
चित्तौडग़ढ़.
दिल्ली सराय रोहिल्ला से इन्दौर जा रही यात्री गाड़ी के एसी कोच में ५० दिन पहले २० मई २०१९ की रात महिला यात्री की टॉयलेट में गला दबाकर हत्या के मामले में रेलवे पुलिस अब भी खाली हाथ है। इस मामले में पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं जुटा पाई है।
जानकारी के अनुसार अलवर के मण्डावर थानान्तर्गत मण्डा निवासी जितेन्द्र (३०) पुत्र धरमचंद यादव सूरत की एसआर स्टील कंपनी में इंजीनियर है। वह अपनी पत्नी अंजु कुमारी (२८) व दो वर्षीय पुत्र पीतेश के साथ किसी विवाह समारोह में गया था। २० मई २०१९ को वह पत्नी व बच्चे सहित अलवर से दिल्ली सराय रोहिल्ला यात्री गाड़ी के एसी कोच बी-४ में रतलाम जाने के लिए रवाना हुआ था। रतलाम में ट्रेन बदलकर इन्हें सूरत जाना था। जितेन्द्र यादव जयपुर में खाना खाकर सो गया था। रात को करीब ढाई बजे पीतेश के रोने की आवाज आई तो उसकी जाग हो गई। उसने देखा तो सीट पर उसकी पत्नी अंजु नहीं थी। उसने कोच में तलाश की और इसके बाद टॉयलेट में जाकर देखा तो उसका दरवाजा खुला हुआ था और अन्दर अंजु मृत अवस्था में पाई गई।
उसके गले में उसी की चुन्नी लपेटकर गांठ लगाई हुई थी। पत्नी को मृत देख जितेन्द्र ने टॉयलेट के पास ही सो रहे कोच परिचारक को उठाया, लेकिन उसने कुछ भी जानकारी होने से इनकार कर दिया। बैराज स्टेशन आने पर उसने चेन खींची, लेकिन कोच का टीसी नहीं आया। इसके बाद गाड़ी चित्तौडग़ढ़ स्टेशन के आउटर पर रूकी, तब टे्रन का लोको पायलट उसके पास पहुंचा। २१ मई को तड़के ३.१५ बजे ट्रेन चित्तौड़ स्टेशन पहुंची, तब रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस पहुंंची, जिससे अंजु को सांवलियाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंजु के कान में पहने करीब डेढ तोला वजनी सोने के टॉप्स गायब मिले और गले में पहना सोने का मंगल सूत्र टॉयलेट में पड़ा मिला। शव के पोस्टमार्टम से खुलासा हुआ है कि अंजु की हत्या गला दबाकर की गई थी। उसके होठ और गले पर खरोंच के निशान भी थे। दाहिने साथ को कसकर पकडऩे से नील जमी हुई थी। शरीर पर आई खरोंचों से ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के समय उसने हत्यारे से संघर्ष भी किया था और इसी संघर्ष में उसका मंगल सूत्र भी टूटकर टॉयलेट में गिर गया था। उसके दाहिने हाथ में पहना हुआ कड़ा भी टूटा हुआ था।
इंदौर पर टिकी हुई है पुलिस जांच
इधर सूत्रों ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस कई जगह के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन कोई खास सुराग हाथ नहीं लग पाए। जिस कोच में अंजु, उसका पति व बच्चा सवार थे, उसी कोच में इंदौर के कुछ यात्री भी सवार थे। पुलिस अब इन यात्रियों से जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि आखिर उस रात कोच में क्या हुआ था। इन यात्रियों से संपर्क होने के बाद ही पुलिस जांच की कोई दिशा तय कर पाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.