महाजन. लूणकरनसर उपखण्ड अधिकारी शिवपाल जाट ने गुरुवार को महाजन क्षेत्र में मनरेगा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर कार्य नहीं होने व मस्टररोल में मनमाने तरीके से श्रमिकों की हाजरी लगाने पर रोजगार सहायक व मेटों को फटकार लगाकर कार्यवाही की चेतावनी दी।उपखण्ड अधिकारी गुरुवार सुबह करीब १० बजे महाजन राजीव गांधी सेवा केन्द्र पहुंचे व बाद में बंसलाई जोहड़ी पर चल रहे मनरेगा कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। हालांकि गुरुवार के कारण कार्य अवकाश था लेकिन बीते दिनों में भी उक्त स्थान पर कार्य करने व खुदाई आदि के कोई निशान नजर नहीं आए।
इस दौरान मेटों व रोजगार सहायक अनुसुईया को फर्जीवाड़ा करने पर मुकदमा दर्ज करवाने की चेतावनी दी। रोजगार सहायक से कार्य निरीक्षण करने की रिपोर्ट मांगी जो उसके पास नहीं मिली। इस दौरान एसडीएम ने मनरेगा कार्य स्थल पर आए बिना ही नाप-तौल की रिपोर्ट भरने की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति के कनिष्ठ अभियंता अशोक सैनी के खिलाफ भी कार्यवाही करने की बात कही।
चिकित्सालय का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं
महाजन. स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का गुरुवार को उपखण्ड अधिकारी शिवपाल जाट ने अवलोकन कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अवधि पार दवाओं को स्टोर में नहीं रखने व वापस जमा करवाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने की हिदायत दी। उपखण्ड अधिकारी ने आयुर्वेद अस्पताल का भी निरीक्षण कर रिक्त पदों की जानकारी ली। चिकित्सा प्रभारी डॉ. देवाशीष सिंह शेखावत ने चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य जानकारी दी। उपखण्ड अधिकारी ने नई बनी अस्पताल इमारत में अस्पताल शिफ्ट करने में आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी लेकर भवन में पानी आदि की व्यवस्था के लिए सम्बंधित विभाग से वार्ता करने का आश्वासन दिया।





No comments:
Post a Comment