Breaking News
recent

चार माह बाद भी नहीं लगे पर्यटन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड

धीरेंद्र् जोशी/उदयपुर. शहर के पर्यटन स्थलों की ओर युवाओं का आकर्षण बढ़ता जा रहा है। झीलों के किनारे विकसित पर्यटन स्थलों पर प्रतिदिन शाम को और सुहाना मौसम होने के साथ ही युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ती है। इधर सेल्फी के बढ़ते क्रेज को लेकर युवा कई बार हद से आगे निकल जाते हैं। पर्यटन विभाग की बैठक में कई स्थलों को नोन सेल्फी जोन घोषित करने पर सहमति बनी। इन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने थे, लेकिन इस संबंध में जिम्मेदार गंभीर नहीं दिखाई दे रहे।
गत मार्च माह में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में पर्यटन विभाग के साथ ही नगर निगम और यूआईटी के अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में जब शहर के पर्यटन स्थलों को नोन सेल्फी जोन घोषित करने की बात उठी तो सभी ने सहमति प्रदान करते हुए इसे अच्छी पहल बताया। इस बैठक में नगर निगम और यूआईटी को अपने-अपने क्षेत्र के पर्यटन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने थे। लेकिन आज तक एक भी पर्यटन स्थल पर चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया।

यहां हो सकती है दुर्घटनाएं
पर्यटन विभाग की बैठक में पिछोला के गणगौर घाट, अमराई घाट, फतहसागर सहित अन्य कई स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की चर्चा हुई थी। इनमें कुछ पहाड़ी क्षेत्र भी शामिल थे। बड़ी तालाब पर जरूर बोर्ड लगा है वह भी वन विभाग की ओर से लगाया गया है।

झील पेटे में उतरने से भी नहीं कतराते युवा
युवाओं में सेल्फी का क्रेज इतना है कि अमराई घाट, फतह सागर सहित अन्य क्षेत्रों में युवा झील पेटे में उतरने से भी नहीं कतराते। फतहसागर पर सनसेट के साथ सेल्फी लेने के लिए शाम के समय युवा बंसियों पर चढ़ जाते हैं। एेसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

यह भी करे जिम्मेदार
पर्यटन, पिकनिक स्थलों के प्रति बढ़ रहे रुझान को देखते हुए प्रशासन और जिम्मेदार संस्थाओं को यहां चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेलिंग लगानी चाहिए। जहां लोगों की भीड़ अधिक रहती है एेसे स्थानों पर गाड्र्स भी लगाने चाहिए।

पर्यटन विभाग की बैठक आज
इधर पर्यटन विकास समिति की बैठक गुरुवार को शाम ४.३० बजे होगी। कलक्ट्रेट सभागार में होने वाली इस बैठक में पहले वाली बैठक के बिंदुओं पर चर्चा होने के साथ ही नए निर्णय भी लिए जाएंगे।

वर्सन...
गत बैठक में मैं नहीं जा पाया था, इसलिए उसमें क्या निर्णय लिए गए मुझे पता नहीं। जहां तक पर्यटन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की बात है, ये लगाए जाने चाहिए। इस संबंध में मैं पूरी जानकारी लेकर नगर निगम क्षेत्र के पर्यटन स्थलों पर बोर्ड लगवाने की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।

-चंद्रसिंह कोठारी, महापौर, नगर निगम।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.