उदयपुर/ फलासिया. थाना क्षेत्र के पीपलबारा गांव के एक मकान के पशुघर से पुलिस ने फंदे से झूलता नवविवाहिता का शव बरामद किया। प्रेम प्रसंग के बीच युवक-युवती ने करीब एक साल पहले परिजनों की इच्छा के विरुद्ध विवाह किया था। घटना के वक्त पति निजी कार्य से मादड़ी गांव गया हुआ था। पुलिस ने बताया कि पीपलबारा में पशुघर में रमसू (20) पत्नी गोविंद खोखरिया का शव मंगलवार सुबह बरामद किया गया है। विवाहिता ने सोमवार रात को आत्महत्या कर ली थी। इधर, सूचना पर पहुंचे विवाहिता की मौत पर पीहर पक्ष ने मौत को लेकर आशंका जताई। दोनों पक्षों में विरोध की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस की मध्यस्तता से मामला सुलझ गया। मंगलवार देर शाम परिजन शव के पोस्टमार्टम को राजी हुए। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा। शादी की कम अवधि की वजह से मामले की जांच उपखण्ड अधिकारी स्तर पर होगी। प्राथमिक जांच में पुलिस मामले को आत्महत्या मान रही है। वहीं अब तक मौत के कारणों का कोई सुराग नहीं लगा है।
पत्नी को पढ़ाना चाहता था गोविंद
बकौल गोविंद वह ११वीं पास पत्नी रमसू को पढ़ाना चाहता था। पढ़ाई के दौरान ही परिजनों के विरुद्ध जाकर रमसू ने गोविंद से विवाह कर लिया था। बीते एक वर्ष से परिजनों के कोप का भागी बनकर वह अलग रह रहे थे। इस बीच गोविंद ने रमसू को आगे की पढ़ाई कराने का मानस बनाया। गोविंद की मानें तो वह रमसू की आगे की पढ़ाई को जारी रखने के लिए किताबें लेने ही मादड़ी गया था, पर जब वापस लौटा और पशुघर में पत्नी को फंदे से झूलता देख उसके होश फांकता हो गए। उसने बताया कि उसके प्रेम विवाह से दोनों ही परिवार नाखुश थे। इस बात से रमसू खासी चिंतित थी। हालांकि, पुलिस उसके अनुसंधान में मौत के कारणों को तलाशने में जुटी है।





No comments:
Post a Comment