उदयपुर/ सलूम्बर. प्रतिबंध के बावजूद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में चहेतों को प्रतिनियुक्ति पर लगाने का ढर्रा सुधरता नहीं दिख रहा। वह भी तब, जब ग्रामीण अंचलों में राजकीय चिकित्सकों की कमी निरंतर चर्चा में रही है।
संभाग मुख्यालय उदयपुर के सलूम्बर उपखण्ड मुख्यालय पर संचालित जिले के दूसरे क्रम के राजकीय सामान्य चिकित्सालय के चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति से भी यहां कामकाज का ढर्रा बिगड़ा हुआ है। रोगियों को स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर निराशा हाथ लग रही है। कहने को चिकित्सालय में प्रतिदिन छह सौ मरीजों का औसत रजिस्ट्रेशन होता है, लेकिन चिकित्सकों के प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण रेडियोलॉजिस्ट की सुविधाएं नहीं मिल रही। सरकारी लैब में जांच की प्रक्रिया भी जारी है, लेकिन जांच रिपोर्ट बनाने वाले चिकित्सक की कमी खल रही है। रेडियोग्राफर की कमी के बीच एक्स-रे कार्य भी संविदा पर संचालित है। चिकित्सा व्यवस्था की इन्हीं खामियों के बीच आम रोगियों को मजबूरी में उदयपुर स्थित महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय की ओर रूख करना पड़ रहा है।
स्वीकृत २५, सेवारत १०
राजकीय चिकित्सालय में कहने को चिकित्सकों के २५ पद स्वीकृत हैं। आबादी के हिसाब से इन पदों पर बढ़ोत्तरी करने की बजाए विभाग स्तर पर यहां केवल १० चिकित्सक ही सेवा कार्य पर लगाए हुए हैं। ऐसा ही हाल नर्सिंग स्टाफ व चतुर्थश्रेणी कार्मिकों का भी बना हुआ है। दुर्घटना में एंबुलेंस से आने वाले रोगियों व घायलों को व्हील चैयर से चिकित्सालय के भीतर पहुंचाने के लिए भी कई बार वार्ड ब्यॉय नहीं मिलते हैं।
प्रसव की सुविधा, जांच नहीं
इधर, चिकित्सालय में प्रसव की सुविधा है, लेकिन बीते दो साल से गायनिक चिकित्सक के तबादले के बाद से नर्सिंग स्टाफ प्रसव तो कराते हैं, लेकिन उनसे जुड़ी सोनोग्राफी जांच नहीं होती।
प्रतिनियुक्ति भी वर्षों पुरानी
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर यादव का दो वर्ष पूर्व सलूम्बर स्थानांतरण हुआ, लेकिन वह राजसमंद के आरके चिकित्सालय में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे हैं। चार माह पहले डॉ. स्वाति डामोर को प्रतिनियुक्ति पर ही चांदपोल स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल में लगाया गया। पीजी करने के लिए डॉ. हितेंद्र जैन गए हुए हैं। सूचना सहायक तीन वर्ष से प्रतिनियुक्ति पर जयपुर है। सभी का भुगतान सलूम्बर से हो रहा है।
रिक्त पदों का इतिहास
तीन चिकित्सक प्रतिनियुक्ति पर हैं। नर्स प्रथम ग्रेड स्वीकृत 3 में एक पद रिक्त, नर्स द्वितीय ग्रेड के 31 में 15 पद रिक्त, वरिष्ठ रेडियोग्राफर का एक पद रिक्त, रेडियोग्राफर के दोनों पद रिक्त, सहायक रेडियोग्राफर के सभी तीन पद रिक्त, वरिष्ठ तकनीकी सहायक पद रिक्त, तकनीकी सहायक रिक्त, वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन के ४ में ३ पद रिक्त, लैब टेक्नीशियन के तीन में दो पद रिक्त, सूचना सहायक में देा में एक पद रिक्त और एक प्रतिनियुक्ति पर, सहायक कार्यालय अधीक्षक स्वीकृत दोनों पद रिक्त, सहायक प्रथम 2 में से एक, सहायक द्वितीय के दोनों पद रिक्त, एक वाहन चालक पद रिक्त, चतुर्थ श्रेणी के १२ में ५ पद रिक्त हैं।
जारी हैं प्रयास
प्रतिनियुक्ति पर लगे सभी पदों को निरस्त करने के लिए उच्चाधिकारियों से निरंतर बातीचीत जारी है। उनकी ओर से समस्या समाधान का आश्वासन मिला है।
जयलाल बडग़ुर्जर, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी
गर्भवती की समस्या
सोनोग्राफी सुविधा के बाद भी गर्भवती महिलाओं व अन्य को परेशानी हो रही है। चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर समस्या बताई है।
राजेश्वरी शर्मा, चेयरमैन, नगर पालिका सलूम्बर
निरस्त कराएंगे प्रतिनियुक्ति
चिकित्सा मंत्री से बातचीत कर रिक्त पदों की पूर्ति के साथ प्रतिनियुक्ति वाले पदों के निरस्तगी की कार्रवाई कराई जाएगी।
रघुवीरसिंह मीणा, सीडब्ल्यूसी सदस्य





No comments:
Post a Comment