Breaking News
recent

ठेकेदार ने रात के अंधेरे में बिछा दी घटिया पाइप लाइन

बीकानेर. लूणकरनसर. ग्राम रेखमेघाणा में कांकड़वाला के वाटरवक्र्स से जलापूर्ति के लिए बिछाई गई घटिया पाइप लाइन के मुद्दे को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर जिला कलक्टर कुमारपाल गौतम को जलदाय विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार की मिलीभगत से हुई अनियमितता के बारे में अवगत करवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि घटिया पाइप लाइन की वजह से गांव में एक साल से पानी नहीं पहुंच रहा है।

 

ग्रामवासी मोहनराम धतरवाल व लक्ष्मणराम धतरवाल के नेतृत्व में जिला कलक्टर गौतम से मिले ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग के ठेकेदार द्वारा अमानक स्तर की पाइप लाइन बिछाने जलापूर्ति के लिए पानी छोडऩे पर जगह-जगह लीकेज होने से गांव में पानी नहीं पहुंच पाया।

 

इसके बाद में विभाग के अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता द्वारा जांच करने पर पाइप घटिया स्तर के बताए गए तथा करीब ४ किलोमीटर की लम्बी पाइप लाइन के सभी पाइप निकालकर अच्छी गुणवत्ता के पाइप बिछाने के निर्देश दिए गए लेकिन ठेकेदार द्वारा अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर जांच में घटिया पाए गए पाइप को दुबारा रात को काम करवाकर लाइन को बिना टेस्टिंग करवाए पानी छोड़ दिया गया।

 

ऐसे में घटिया पाइप में पानी सप्लाई करने से फिर से लीकेज हो गए है तथा गांव में पानी नहीं पहुंचने से भयंकर किल्लत बनी है। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से घटिया पाइप लाइन के मामले में दुबारा जांच करवाने व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा घटिया पाइप लाइन के मामले में जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता को चुप रहने व अन्यत्र तबादला करवाने की धमकी दी जा रही है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.