उदयपुर/भटेवर. वल्लभनगर कस्बे को उदयपुर से जोडऩे वाले मार्ग पर उदाखेड़ा के समीप स्थित जोइरा भील बस्ती की सरकारी जमीन पर पशुओं की हड्डियां जलाने का मामला रविवार को गहरा गया। दुर्गंध के साथ सांसों में जहर झेल रहे स्थानीय लोगों ने समस्या के विरोध में लामबंद होकर नाराजगी जताई। आरोप है कि सरकारी जमीन पर एक व्यक्ति की ओर से बीते छह माह से मरे हुए मवेशियों की हड्डियों को जलाने जैसी अवैध गतिविधि को अंजाम दिया जा रहा है। हवा के साथ उड़ते धुएं से स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफें ही नहीं आ रही वरन दुर्गंध के बीच जीना भी मुहाल हो गया है। आरोप यह भी है कि स्थानीय लोगों ने आरोपी व्यक्ति को कई बार ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसकी गतिविधियों में कोई सुधार नहीं आया। समस्यावश स्थानीय लोगों को मार्ग से गुजरते समय नाक बंद कर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते दो माह से गहरा रही समस्या को लेकर उन्होंने कई बार क्षेत्रीय प्रशासनिक अधिकारियों की चौखट पर दस्तक भी दी, लेकिन किसी स्तर पर समस्या को सुनकर हल निकालने वाले जिम्मेदार की पहल नहीं हुई। अब समस्याग्रस्त लोगों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की उम्मीद जताई है। आक्रोश जताने वाले लोगों में तुलसीराम, शंकरलाल, कालूराम, पुष्कर, नारू, मुकेश, प्रकाश, मांगीलाल, चंपालाल, कन्ना, फिरोज, अमरा, लोकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment