बीकानेर. वार्डो के परिसीमन कार्य में रही कमियों का विरोध जारी है। गुरुवार को शहर भाजपा (BJP) ने निगम आयुक्त के समक्ष परिसीमन में रही कमियों का रखते हुए विरोध दर्ज करवाया। शहर भाजपा (BJP) जिलाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य के नेतृत्व में भाजपा पार्षदो और पदाधिकारियों ने आयुक्त के समक्ष आरोप लगाया कि वार्डो के परिसीमन में कोताही बरती गई है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार परिसीमन कार्य में कमियां सामने आई है, उसको देखते हुए यही लग रहा है कि वार्डो का परिसीमन धरातल पर कम और कमरों में बैठकर लैपटॉप पर अधिक हुआ है।
आयुक्त को बताया कि कई वार्डो में ओवर लैप की स्थिति बन रही है। एक वार्ड की एेरिया के बीच दूसरे वार्ड की एेरिया आ रही है, फिर पहला वार्ड शुरू हो रहा है। वार्ड परिसीमन प्रस्तावों में शहर के प्रमुख स्थलों, कॉलोनियों, मोहल्लों के नाम शामिल नहीं करने पर भी नाराजगी जताई। इस दौरान निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे ने परिसीमन में सामने आई कमियों के प्रस्तावों को टिप्पणी सहित सरकार को भेजने की बात कही। इस दौरान महापौर नारायण चोपड़ा (BIKANER MAYOR) मौजूद रहे।
नक्शे से जानी स्थिति
परिसीमन पर भाजपा (BJP) के विरोध के दौरान निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे ने गत परिसीमन और वर्तमान परिसीमन के नक्शे से वार्डो की वास्तविक स्थिति जानी। भाजपा के भानु व्यास ने नक्शे में शामिल वार्डो की वास्तविक स्थिति बताते हुए परिसीमन कार्य में रखी गई कमियों को बताया। इस दौरान सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने आयुक्त से कहा कि प्रस्ताव आपने तैयार किया है, कमियां आपने रखी है,हमारी शिकायत आपके विरुद्ध है अब सुनवाई भी आप ही करोगों, यह कहां तक उचित है। कर्नल अशोक सिंह ने वंचित कॉलोनियों को निगम सीमा में शामिल करने की मांग रखी।
कमियां हो दूर
भाजपा पार्षदों और पदाधिकारियों ने आयुक्त से कहा कि वार्ड परिसीमन कार्यो में रही कमियों को जल्द दुरस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि परिसीमन कार्य में निर्धारित गाइड लाइन की अवहेलना की गई है। एेसा लग रहा है किसी दबाव में परिसीमन कार्य हुआ है। इस दौरान सुरेन्द्र सिंह शेखावत व कर्नल अशोक सिंह ने जयपुर रोड स्थित वंचित कॉलोनियों को निगम सीमा में शामिल करने की मांग की। वहीं भाजपा जिला महामंत्री मोहन सुराणा, पार्षद गिरिराज जोशी, नरेश जोशी, दिनेश उपाध्याय, कृष्णा कंवर, दुलीचंद सेवग, विनोद धवल सहित मोहन पूनिया, अरुण जैन, किशोर आचार्य आदि ने वार्डो के परिसीमन में रही कमियों को रखा।





No comments:
Post a Comment