बीकानेर. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार सुबह एक बजे जयपुर-दिल्ली दैनिक विमान सेवा से नाल एयरपोर्ट पहुंची। करीब बीस मिनट एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात करने के बाद सड़क मार्ग से सूरतगढ़ के लिए रवाना हो गईं। राजे के साथ उनके पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह भी थे। भाजपा छोड़ चुके पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी, पूर्व संसदीय सचिव विश्वनाथ मेघवाल, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलने एयरपोर्ट पहुंचे।
समर्थकों की भीड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री को घेरे रखा। एयरपोर्ट से निकलकर गाड़ी में सवार होने तक लोग उनसे बातचीत करने के लिए एक-दूसरे को खींचते रहे। नाल सरपंच सुनीता सुराणा, हनुमानमल सुराणा, दिलीप सिंह, मोहन सिंह, उप सरपंच उत्तम सिंह, बलवीर सिंह, दुर्ग सिंह आदि ने भी राजे से मुलाकात की। एयरपोर्ट निदेशक राधेश्याम मीणा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी हिमांशु शर्मा ने भीड़ और वाहनों को बाहर रोकने के लिए मशक्कत की। थानाधिकारी अशोक बिश्नोई, टर्मिनल मैनेजर विवेक यादव आदि भी व्यवस्था में जुटे रहे।





No comments:
Post a Comment