अजमेर. उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को भदूण पहुंचकर शहीद हेमराज निठारवाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिवार को सांत्वना दी। उपमुख्यमंत्री पायलट भदूण की सामली ढाणी स्थित निवास स्थान पहुंचे और शहीद हेमराज के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा शोक संतप्त परिजन पिता भोलूराम व भाइयों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। पायलट ने कहा कि शहीद हेमराज देश की रक्षा के लिए शहीद हुए और हमसब उनकी शहादत को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस दु:ख की घड़ी में वह तथा सरकार शहीद के परिजनों के साथ है। करीब आधा घंटे शहीद के परिवार के बीच रहने के बाद वे घूघरा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर, किशनगढ़ विधायक सुरेश टांक, मसूदा विधायक राकेश पारीक, परबतसर विधायक रामनिवास गावडिय़ा आदि मौजूद थे।
मां व बहन से की मुलाकात : उपमुख्यमंत्री पायलट ने घर में जाकर शहीद की माता दांखादेवी व बहन को भी ढाढ़स बंधाया। दांखा देवी ने पायलट के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया व दुलार किया।
------------------------------
आर्थिक मंदी हावी, युवाओं को नहीं मिल रही नौकरियां
उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा-
अजमेर. उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि देश आर्थिक मंदी से जूझ रहा है, विकास दर पांच प्रतिशत तक पहुंच गई है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। विकट हालात से निपटने के लिए सरकार को सभी को साथ लेकर इससे उभरने के प्रयास करने चाहिए। पायलट मंगलवार रूपनगढ़ के भदूण गांव में शहीद हेमराज जाट को श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे। घूघरा जाते समय जयपुर रोड पर पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केन्द्र सरकार को बने 100 दिन हो गए है। बेहतर होता कि वह सारे काम छोडक़र नौजवानों को रोजगार के लिए रणनीति बनानी चाहिए। रिजर्व बैंक से एक लाख 70 हजार करोड़ रुपए ले लिए है। इसके बावजूद इस मुश्किल हालात से बाहर निकलने की कोई स्पष्ट रणनीति नहीं है। देश में रोजगार खत्म होते जा रहे है। महंगाई बढ़ रही है और कारखाने बंद हो रहे है। इस गंभीर समस्या से निकलने के लिए सरकार के पास पुख्ता इंतजाम नहीं है।
प्रवचन देने की जगह शहीदों को करें नमन
पायलट ने आरएसएस के चिन्तन शिविर के बारे में कहा कि संगठन को प्रवचन देने की बजाय शहीदों को नमन करना चाहिए। सैनिक धूप, तूफान, जंगल, बर्फ, रेगिस्तान में देश की रक्षा करने में जुटे है। हम सबकों देश की सुरक्षा और समृद्धि के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए। दिल्ली में बैठे लोगों को अर्थव्यवस्था सुधारने का काम करना चाहिए। जज्बाती मुद्दों को हवा देकर वोट बटोरने का काम समाप्त हो चुका है। विकास और रोजगार की बात करनी चाहिए।





No comments:
Post a Comment