मोहम्मद इलियास/उदयपुर
दुर्गानर्सरी रोड पर मंगलम फन स्कवायर के निकट स्थित दो शो-रूम में गुरुवार रात लगी भीषण आग से लाखों रुपए के महंगे ब्राण्डेड कपड़े जलकर राख हो गए। दमकल कर्मियों ने करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत कर आग पर काब ूपाया। आग बुझाने के दौरान संसाधनों की कमी व पाइप के लीकेज होने पर लोग आक्रोशित हो गए, वे दमकलकर्मियों व पुलिस से उलझ पड़े। उन्होंने मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी व सभापति को भी काफी खरीखोटी सुनाई। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया। इधर, मौके पर पहुंचे शो-रूम मालिक व उनके परिजन आंखों के सामने आग में सब कुछ जलता देख बिलख पड़े।
आग दुर्गानर्सरी रोड पर एचडीएफसी बैंक से सटे रेंगलर व न्यूरोऊना शो-रूम में रात करीब 8.45 बजे लगी। शो-रूम मालिक सेक्टर-11 जवाहरनगर निवासी मनीष पुत्र नानकराम डेमला व सतीश पुत्र दिनेश डेमला ने बताया कि वे शो-रूम बंद कर घर पहुंचे ही थे तभी पड़ोसी ने उन्हें सूचना दी। यहां पहुंचने पर दोनों शो-रूम में आग लग रही थी तथा दमकलकर्मीबुझाने का प्रयास कर रहे थे। दमकलकर्मियों ने साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शो-रूम मालिक ने बताया कि नवरात्रि व त्योहारी सीजन होने से छह दिन पहले ही करीब 25 से 30 लाख का स्टॉक डलवाया था तथा उसके अलावा पहले से काफी कपड़े भरे थे। काफी कपड़े जलने व पानी से खराब हो गए। सूचना पर एडीएम सिटी संजय वासू, उपखंड अधिकारी लोकबंधु, नगर निगम आयुक्त अंकित कुमार, महापौर चन्द्रसिंह कोठारी सहित कई लोग मौके पर पहुंचे।
--
टॉर्च नहीं, पाइप लीकेज, सुनाई खरीखोटी
आग की सूचना पर महज सात मिनट बाद ही एक के बाद एक कई दमकल पहुंच गई। पानी के छिडक़ाव के दौरान पाइप लीकेज होने से कम दबाव से पानी आने से लोगों का आाक्रोश फूट पड़ा, अंधेरे में दमकलकर्मी जूझते रहे। टॉर्च, मास्क व अन्य संसाधनों का अभाव होने पर लोगों ने उन्हें काफी खरीखोटी सुनाई। कई बार शो-मालिक व उनके परिजन आक्रोशित होते ही यहां-वहां पानी डालने व खामियों को लेकर चिल्लाते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने पर लोगों ने अपनी पीड़ा रखते हए आक्रोश जताया। सभापति के पहुंचने भीड़ ने उन्हें घेर लिया और पाइप लीकेज होने व संसाधनों की शिकायत की। सभापति ने उन्हें शांत कर शीघ्र ही उसे दुरस्त करवाने का आश्वासन दिया।
इनका कहना है...
जो पाइप लीकेज थे और टॉर्च नहीं होने की जो बात सामने आई है इसको गंभीरता लेंगे। इसकी पूरी जांच करते हुए इसमें जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे और आगे ऐसा नहीं हो इसके लिए पूरा ध्यान रखा जाए ऐसा प्रयास करेंगे।
चन्द्रसिंह कोठारी, महापौर





No comments:
Post a Comment