बीकानेर. जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में हुई। जिला प्रमुख सुशीला सींवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने बार-बार प्रस्तावों के साधारण सभा में रखने के बाद भी उन पर निर्णय नहीं होने पर नाराजगी जताई। वहीं विभिन्न विभागों से संबंधित आमजन हित के कार्यो पर अधिकारियों की ओर से बरती जा रही कोताही व ध्यान नहीं देने पर सदस्य नाराज रहे। बैठक के दौरान सत्तारूढ़ बोर्ड के कुछ सदस्यों की ओर से बार बार प्रस्ताव रखने और काम नहीं होने को लेकर उठाए गए सवालों से जिला प्रमुख असहज नजर आई। बैठक में कुछ अधिकारियों की गैर मौजूदगी को सदस्यों के साथ जिला प्रमुख ने भी गंभीरता से लिया। बैठक शुरू होते ही कुछ सदस्यों ने सदन में बार-बार एक ही काम को रखने और लम्बे समय के बाद भी उनके निस्तारण नहीं होने पर नाराजगी जताई।
सदस्य राजकुमारी व्यास ने कहा कि जो काम पांच सालों मंे नहीं हो पाए है, वे अब ६५ दिनों में कैसे हो सकते है। उन्होंने डिग्गियों की सफाई नहीं होने का मुद उठाया। वहीं सदस्य सत्तू खां ने कहा कि ' डिग्गियों की समस्या गंभीर है। धरातल पर काम नहीं हो रहे है, पांच साल में कोई पांच काम भी एेसे नहीं है, जो हमने किए हो और एेतिहासिक होÓ उन्होंने जिला परिषद की कमजोर मॉनिटरिंग पर भी सवाल उठाए। इस दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स २०१६ की क्रियान्विति के लिए उप विधियां अधिसूचित करने के प्रस्ताव को सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया। बैठक में जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र पाल सिंह, विधायक गिरधारी महिया, विधायक सुमित गोदारा, एसीओ मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौंजूद रहे।
यह रहा बैठक का एजेण्डा
साधारण सभा की बैठक के एजेण्डा में गत बैठक की पुष्टि, पानी, बिजली से संबंधित समस्याओं का समाधान, पांच विभागों से संबंधित कार्यो पर चर्चा, जिला परिषद में संचालित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स २०१६ की क्रियान्विति के लिए उप विधियां अधिसूचित करना शामिल रहे।
ये हुए चर्चा में शामिल
साधारण सभा की बैठक में जिला परिषद सदस्य राजकुमारी व्यास, सत्तू खां, ओम प्रकाश तर्ड, बालूराम बिश्नोई, कुंभाराम, भूपेन्द्र सिंह, नोखा प्रधान कन्हैया लाल आदि शामिल हुए।
एडीईओ को बैठक से निकाला
साधारण सभा में शिक्षा से जुड़ी चर्चा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक उमाशंकर किराडू के बैठक में मौजूद नहीं रहने पर जिला प्रमुख सहित कई सदस्यों ने नाराजगी जताई। डीईओ के प्रतिनिधि के रूप में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुनील बोड़ा मौजूद थे, लेकिन जिला प्रमुख डीईओं के बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर नाराज हुई और एइडीईओ बोडा को बैठक से बाहर जाने के लिए कहा। एडीईओ बोडा ने बताया कि निदेशक के आदेशानुसार डीईओ शिक्षा निदेशालय में १२ जिलों की चल रही बैठक में भाग ले रहे है। यह बैठक पहले से ही निर्धारित थी। उन्होंने बताया कि बैठक में ब्लॉक स्तर से सीपीओ भी मौजूद है।





No comments:
Post a Comment