अलवर. नगर निकाय चुनाव में जीत दर्ज कराने से पहले राजनीतिक पार्टियों को टिकट वितरण में बड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालत यह है कि भाजपा में अलवर, भिवाड़ी व थानागाजी के 150 वार्डों के लिए 885 दावेदार टिकट की कतार है। वहीं कांग्रेस में अलवर व थानागाजी में 427 दावेदार टिकट के लिए आवेदन ले चुके हैं। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने में एक दिन शेष है, इसके चलते राजनीतिक पार्टियों ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा ने टिकट के लिए आवेदन लेने का कार्य तीनों निकायों में पूरा कर लिया है, वहीं कांग्रेस एक नवम्बर तक आवेदन लेगी। कांग्रेस की ओर से भिवाड़ी में आवेदन देने का कार्य गुरुवार से शुरू होगा।
भाजपा टिकट के लिए 885 आवेदन आए
अलवर व भिवाड़ी नगर परिषद व थानागाजी नगर पालिका के 150 वार्डों के लिए 885 आवेदन मिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा अलवर में 65 वार्डों के लिए 525 आवेदन, भिवाड़ी में 60 वार्डों के लिए 205 आवेदन एवं नव गठित थानागाजी नगर पालिका के लिए 155 आवेदन टिकट के लिए प्राप्त हुए हैं।
कांग्रेस टिकट के लिए अब तक 427 आवेदन दिए
कांग्रेस की ओर से टिकट वितरण के लिए अभी अलवर व थानागाजी में आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें अलवर में अब तक 373 आवेदन एवं थानागाजी में 54 आवेदन दिए गए हैं। अलवर में 278 आवेदन जमा भी कराए जा चुके हैं। पार्टी की ओर से अलवर में आवेदन लेने का कार्य मंगलवार, थानागाजी में बुधवार से शुरू किया गया है। वहीं भिवाड़ी में आवेदन लेने का कार्य गुरुवार को शुरू किया जाएगा। तीनों ही जगह आवेदन एक नवम्बर तक लिए जाएंगे।
अलवर में भाजपा टिकट को लेकर ज्यादा मशक्कत
अलवर नगर परिषद चुनाव में भाजपा टिकट की कतार में 525 दावेदार हैं। इस कारण यहां प्रत्याशी चयन को लेकर अन्य स्थानों से ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। बुधवार को पार्टी कार्यालय में आवेदन लेने का कार्य पूरा होने तक 525 आवेदन प्राप्त हुए। भाजपा टिकट के लिए वार्ड संख्या 31 में सबसे ज्यादा 20 आवेदक हैं। वहीं वार्ड पांच वार्डों में टिकट के लिए तीन-तीन आवेदन ही मिले हैं। ज्यादातर वार्डों में 5 से लेकर 15 दावेदार टिकट की कतार में हैं। दो वार्डों में भाजपा टिकट के लिए 15-15 आवेदन, एक वार्ड में 14, दो वार्डों में 13-13, तीन वार्डों में 12-12, दो वार्डों में 11-11 व सात वार्डों में 10-10 दावेदार टिकट की कतार में हैं। वहीं पांच वार्डों में 9-9, सात वार्डों में 8-8, सात वार्डों में 7-7, नौ वार्डों में 6-6, आठ वार्डों में 5-5 तथा छह वार्डों में 4-4 दावेदारों ने आवेदन जमा कराए हैं।
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment