बीकानेर. त्योहारी सीजन को लेकर शहर में बड़ी मात्रा में खराब मावा पहुंच रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर करीब एक हजार से अधिक टिन मावा को जब्त कर नष्ट कराया। पुरानी गजनेर रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर में छापा मारकर खराब मावे को जब्त किया। राजस्थान पत्रिका ने सोमवार के अंक में नकली मावा और घी के बड़े पैमाने पर कारोबार को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और कार्रवाई की।
सीएमएचओ डॉ. बीएल मीणा ने बताया कि लगभग १७ से १८ टन मावे को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की गई है। जरिए मुखबिर कोल्ड स्टोर में खराब मावा होने की जानकारी मिलने पर दल गठित कर कार्रवाई के लिए भेजा गया।
फलौदी से मावा आने की सूचना
सीएमएचओ डॉ. मीणा ने बताया कि फलौदी से भारी मात्रा में बीकानेर मावा आने की मुखबिर से सूचना मिली। एेसे में सोमवार करीब छह बजे ही कोलायत फांटे के पास टीम के साथ पहुंच गए। वहां एक ढाबे पर करीब एक बजे तक बैठे रहे। तब चार-पांच गाडिय़ां आई। शायद उन्हें कार्रवाई की भनक लग गई इसलिए गाडिय़ां वापस लौट गई।
इसके बाद एक टीम गठित की गई। टीम के साथ पुरानी गजनेर रोड सैटेलाइट हॉस्पीटल के पास प्रियंका कोल्ड स्टोर व आशा कोल्ड स्टोर पर छापेमारी की। आशा कोल्ड स्टोर पर मावा के टिन सही थे, मावा खराब नहीं था। प्रियंका कोल्ड स्टोर पर 1000 से अधिक खराब मावे के टिन मिले।
ढाई घंटे लगे कार्रवाई में
कोल्ड स्टोर से खराब मावे को नष्ट कराने में स्वास्थ्य विभाग की टीम को करीब ढाई से तीन घंटे का समय लगा। मावे से पशुओं को कोई नुकसान न हो इसे ध्यान रखते हुए गंदे पानी के नाले में डलवा दिया। सीएमएचओ डॉ. मीणा ने बताया कि अब हर दिन कोल्ड स्टोर का निरीक्षण कर वहां रखी खाद्य सामग्री की जांच की जाएगी।
कोल्ड स्टोर संचालकों को नोटिस
डॉ. मीणा ने बताया कि त्योहारी सीजन में अब खाद्य पदार्थों की जांच 'शुद्ध के लिए युद्धÓ अभियान के तहत की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कोल्ड स्टोर में मावा रखने वाले और संचालक दोनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। शहर के सभी कोल्ड स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। टीम में सीएमएचओ के अलावा खाद्य निरीक्षक महमूद, हैल्पर सुखदेव, मदनलाल आदि शामिल थे।
पत्रिका की खबर से चेते
'नोखा नकली घी का गढ़, बीकानेर से नकली मावे की आपूर्ति' शीर्षक से सोमवार को खबर प्रकाशित कर जिले में नकली मावे और घी के चल रहे कारोबार की ओर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को सचेत किया। खबर में दूध की खपत, मावे की आपूर्ति व मावा व नकली दूध बनाने पर विस्तार से जानकारी दी।





No comments:
Post a Comment