बीकानेर. स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को कोटगेट सट्टा बाजार स्थित पान मसाला और फ्लेवर्ड सुपारी के थोक विक्रेता दुकान में कार्रवाई कर कार्टूर्नो और कट्टों में भरे प्रतिबंधित पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी को जब्त कर सीज करने की कार्रवाई की। इस दौरान जांच के लिए नमूनों संग्रहित किए गए। सीएमएचओ डॉ. बी एल मीणा ने बताया कि विभाग को कोटगेट क्षेत्र में पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी विक्रय होने की जानकारी मिली। प्रतिबंधित पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी को जब्त करने के लिए दल गठित कर औचक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में दुकान व उसके बेसमेंट में करीब १५ कार्टून व कट्टों में पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी जब्त की गई व इसे सीज करने की कार्रवाई की गई। जब्त किए गए पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी के नमूने भी जांच के लिए भरे गए। इनकी प्रयोगशाला में जांच करवाई जाएगी। दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मेहमूद अली, एनटीसीपी जिला समन्वयक महेन्द्र जायसवाल, पीसीपीएनडीटी जिला प्रभारी महेन्द्र सिंह चारण, सुखदेव आदि शामिल रहे।
दुकानदारों में मचा हडकंप
स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई कार्रवाई से एकबारगी क्षेत्र में स्थित दुकानदारों में हडकंप मच गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में दुकानदार और लोग दुकान के बाहर जमा हो गए। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आस पास के क्षेत्रों में स्थित पान मसाला की दुकानें बंद होनी शुरू हो गई।
कार्रवाई रहेगी जारी
प्रदेश में प्रतिबंधित हो चुके पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी को जब्त करने को लेकर कार्रवाई जारी रहेगी। आदेशों के तहत प्रदेश में पान मसाला व फ़्लेवर्ड सुपारी का भंडारण, उत्पादन और विक्रय करने पर रोक लग चुकी है। कोटपा एक्ट के तहत भी दुकानों-प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कार्य जारी है। कार्रवाई में जब्त पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी के कार्टून व कट्टों को सील कर दिया गया है।
डॉ. बी एल मीणा, सीएमएचओ बीकानेर





No comments:
Post a Comment