Breaking News
recent

सर्दी की दस्तक के साथ ही अलवर में बढ़ी गोतस्करी


अलवर. जिले में सर्दी की दस्तक के साथ ही गोतस्करी की घटनाएं बढ़ गई हैं। पिछले करीब एक-डेढ़ माह में गोतस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे जनता में गोतस्करों के प्रति गुस्सा सुलग रहा है। वहीं, अचानक से बढ़ी गोतस्करी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने जिले के सीमावर्ती थाना इलाकों में विशेष सुरक्षा इंतजाम करना शुरू कर दिए हैं।
अचानक से बढ़ी गोतस्करी की घटनाएं : अलवर जिले में एक माह में गोतस्करी के आधा दर्जन से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। शाहजहांपुर, भिवाड़ी, तिजारा, मालाखेड़ा, गोविंदगढ़, लक्ष्मणगढ़, खेरली और कठूमर में गोतस्करी के मामले सामने आ चुके है। इनमें कई मामलों में पीछा करने पर गोतस्कर पुलिस और ग्रामीणों पर फायरिंग भी कर चुके हैं।
गरम होता है गोमांस, बढ़ जाती है डिमांड : गोमांस काफी गरम होता है। इस कारण सर्दी आते ही गोमांस की डिमांड बढ़ जाती है। राजस्थान और हरियाणा के मेवात क्षेत्र, उत्तरप्रदेश सहित महानगरों के बड़े होटलों में गोमांस खूब बिकता है। डिब्बा बंद मीट के नाम पर गोमांस विदेशों तक भेजा जा रहा है। मोटे मुनाफे के लालच में गोतस्कर सर्दी के दिनों में गोतस्करी के लिए सक्रिय हो जाते हैं।
जनता में बढ़ रहा आक्रोश
जिले में बढ़ती गोतस्करी की घटनाओं को देखते हुए जनता में गोतस्करों के प्रति गुस्सा सुलग रहा है। इसी का परिणाम है कि अलवर में जिले में पहलू खां और रकबर मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं हो
चुकी हैं।
रोकथाम के प्रयास जारी
गोतस्करी रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। गोतस्करों के संभावित रास्तों पर प्रभावी रूप से नाकेबंदी और पुलिस गश्त की जा रही है। पुलिस की मुस्तैदी के कारण पिछले दिनों जिले में कई बार गोतस्कर गायों को ले जाने में विफल रहे।
परिस देशमुख, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।
१२ गायों की हालत नाजुक
अलवर ग्रामीण.हल्दीना क्षेत्र से ट्रक में ले जा रहे गोवंश अब सुधासागर गौशाला के सेवादारों के लिए भारी पड़ रहे है। 12 गायों की हालत नाजुक बनी हुई है। जिनका इलाज पशु चिकित्सक से करवाया जा रहा है। सुधासागर गोशाला के प्रबंधक कपूर चंद जैन ने बताया मालाखेड़ा थाना पुलिस शुक्रवार को बीस गोवंश लेकर पहुंचे। जिसमें 8 गोवंश मृत थे। वहीं 12 गायों की हालत नाजुक थी। जिन्हें ट्रक से उतारकर पुलिस गोशाला में छोड़ कर चली गई। जिनका इलाज किया जा रहा है। इन गायों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वही मालाखेड़ा पुलिस आठ मृत गायोंं को वापस ले कर चली गई।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.