बीकानेर. पीबीएम अस्पताल (pbm hospital) में इलाज कराने आने वाले मरीजों-परिजनों पर अन्य खर्चे भारी पड़ रहे हैं। यहां खाना-पीना तथा नहाना तो निशुल्क हो जाता है लेकिन पार्किंग शुल्क भी महंगा पड़ रहा हैं। पूरे अस्पताल परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए एक ठेका है, लेकिन अस्पताल परिसर में स्थित वाहन स्टैंडों पर जितनी बार वाहन खड़ा करेंगे उतनी ही बार शुल्क देना पड़ेगा। पार्किंग शुल्क को लेकर कई बार झगड़े भी होते हैं।
पीबीएम (pbm) प्रशासन के अनुसार अस्पताल में वाहन पार्किंग का ठेका एक ही एंजेसी को दिया हुआ है। ठेकेदार ने कैंसर, हार्ट, जनाना, शिशु, मानसिक रोग विभाग, यूरोलाजी, ईएनटी, मर्दाना अस्पताल आदि जगहों की पार्किंग को सब-ठेके पर दे दिया है। इस कारण एक ही वाहन से दो-तीन बार पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है।
परिजनों का दर्द...
पीबीएम अस्पताल में अपनी मां को चिकित्सक को दिखान आए भवानीशंकर ने बताया कि चिकित्सक को दिखाया तो उन्होंने जांच व एक्स-रे लिख दिया। पहले नई ओपीडी विंग में चिकित्सक को दिखाने गए तो पार्किंग वाले ने दस रुपए की पर्ची काट दी। बाद में एक्स-रे जांच कराने गए तो वहां पार्किंग कर्मचारी ने दस रुपए की पर्ची काट दी। हालत यह है कि जहां जाओ, वहां पार्किंग की पर्ची कटवानी पड़ रही है। पीबीएम में इलाज के रुपए बचाने की सोच कर आते हैं, फिर खर्चा बढ़ जाता है। यह बात तसल्ली देती है कि दवाएं निशुल्क मिल जाएंगी।
सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं
पीबीएम में हर माह के लिए तकरीबन साढ़े तीन लाख का पार्किंग ठेका हो रखा है। पार्किंग स्थलों पर वाहनों को धूप व बारिश से बचाने की कोई व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं सुरक्षा की भी कोई व्यवस्था नहीं है। पार्किंग स्थल में खड़ी गाडिय़ों से कई बार रात के समय वाहनों में से पेट्रोल निकालने की घटनाएं हो चुकी है। पीबीएम से दो बार जीप चोरी की घटना भी हो चुकी है।
होना यह चाहिए...
पीबीएम अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को चाहिए कि मरीजों-परिजनों को यहां सस्ता व सहज इलाज मुहैया कराने का सरकार का उद्देश्य पूरा करना चाहिए। वाहनों के पार्किंग शुल्क एक ही बार वसूल किया जाना चाहिए। पार्किंग की पर्ची या टोकन पीबीएम के सभी पार्किंग स्थलों पर मान्य होना चाहिए।
नियमों से होगा ठेका
पार्किंग का ठेका एक ही है लेकिन ठेकेदार ने सब-ठेका कर रखा है। इस संबंध में न्यायालय में किसी व्यक्ति ने जनहित याचिका भी लगा रखी है जो न्यायालय में विचाराधीन है। अब इस पर विचार कर रहे हैं कि आगामी ठेका नए नियमों से हो। ठेकेदार वाहन पार्किंग की एक पर्ची काटे और वह सभी पार्किंग स्थल पर मान्य हो। ताकि परिजनों को अनावश्यक खर्च वहन नहीं करना पड़े।
डॉ. पीके बैरवाल, अधीक्षक पीबीएम अस्पताल
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment