धीरेंद्र् कुमार जोशी/उदयपुर. स्वच्छता सर्वेक्षण क्वालिटी कंट्रोल ऑफ इंडिया की ओर से किए गए देश के रेलवे स्टेशनों के स्वच्छता सर्वेक्षण में उदयपुर आठवें नंबर पर आया है। वहीं स्टेशनों के वर्गीकरण के अनुसार एनएसजी-3 में यात्री सुविधा और आय के मामले में सिटी रेलवे स्टेशन ने दो पायदान आगे बढ़ते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
क्षेत्रीय रेल प्रबंधक मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2019-20 के लिए देशभर में 720 स्टेशनों का स्वच्छता सर्वेक्षण किया गया। उदयपुर स्टेशन पर भी गत माह टीम के सदस्य आए थे। विभिन्न तय मानकों और यात्रियों से पूछताछ के बाद दल ने रैंकिंग निकाली। इसमें उदयपुर स्टेशन 8वें स्थान पर है। उदयपुर स्टेशन ने 1000 में से 905.91 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से तय वर्गीकरण एनएसजी-3 में 227 स्टेशन हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं और आय के आधार पर रैंकिंग दी गई। इसमें उदयपुर दूसरे नंबर पर आया है। इस रैंकिंग में गत वर्ष उदयपुर चौथें नंबर पर था।
यह हुआ सर्वेक्षण में
इस सर्वेक्षण में मुख्य रूप से यात्री सुविधाओं का आकलन, उपलब्धता तथा यात्रियों का फीडबैक, यात्रियों के सुझाव, सफाई के स्तर का पूर्ण रूप से मूल्यांकन किया जाता है। इस दौरान सफाई में उपयोग किए जाने वाले सभी संसाधनों व कर्मियों की कार्यशैली का भी निरीक्षण किया जाता है। साथ ही स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं जैसे पीने के पानी की व्यवस्था, खाद्य सामग्री की उपलब्धता, पार्किंग की सुविधा, एस्केलेटर्स/लिफ्ट आदि की सुविधा, डस्टबिन, लगातार उद्घोषणाएं, सफाई से संबंधित बैनर आदि पर ध्यान दिया गया।
जयपुर और जोधपुर पहले और दूसरे स्थान पर
उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक आनंद प्रकाश ने बताया कि भारतीय रेलवे की ओर से स्वच्छ रेल अभियान के अन्तर्गत विभिन्न स्टेशनों पर इस साल भी सफाई व्यवस्था को लेकर थर्ड पार्टी सर्वें करवाया गया, जिसमें रेलवे के सभी जोन में उत्तर-पश्चिम रेलवे स्वच्छता सर्वे 848.7 अंक प्राप्त कर अव्वल रहा। जयपुर स्टेशन पर स्वच्छता सर्वें में इस बार प्रथम स्थान तथा जोधपुर स्टेशन को द्वितीय स्थान दिया गया है, जबकि जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन को तीसरा स्थान मिला है। जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन को पांचवां, सूरतगढ़ को छठा, उदयपुर सिटी को आठवां तथा अजमेर रेलवे स्टेशन को नौवां स्थान मिला है।





No comments:
Post a Comment