अलवर. निकाय चुनाव में नामांकन को लेकर प्रत्याशियों में अभी उत्साह का इंतजार है। अलवर व भिवाड़ी नगर परिषद एवं थानागाजी नगर पालिका के लिए दो दिनों में केवल 12 प्रत्याशियों ने 16 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा अलवर में 9 प्रत्याशियों के 11 नामांकन जमा हुए हैं। भिवाड़ी में दो दिन में एक प्रत्याशी ने दो नामांकन व थानागाजी में दो प्रत्याशियों ने 3 नामांकन दाखिल किए हैं। अलवर में शनिवार को 7 प्रत्याशियों ने 9 नामांकन पत्र जमा कराए। रविवार को राजकीय अवकाश के चलते नामांकन दाखिल नहीं किए जा सकेंगे।
निकाय चुनाव की अधिसूचना एक नवम्बर को जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुरुआती दो दिनों में अलवर, भिवाड़ी व थानागाजी में प्रत्याशियों की ओर से नामांकन करने की रफ्तार थोड़ी धीमी रही है। जिले के तीनों निकायों के 150 वार्डों के लिए दो दिन में केवल 16 नामांकन ही दाखिल हो पाए हैं।
नामांकन के लिए दो दिन और शेष
निकाय चुनाव में प्रत्याशियों को नामांकन के लिए दो दिन शेष हैं। रविवार को राजकीय अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। वहीं 5 नवम्बर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। इस कारण सोमवार व मंगलवार दो ही दिन प्रत्याशियों को नामांकन के लिए शेष रहेंगे। उम्मीद है कि इन दो दिनों में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों की ओर से नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
राजनीतिक पार्टियों की सूची का इंतजार
ज्यादातर प्रत्याशियों को अभी अपने-अपने दलों की सूची का इंतजार है। प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं हो पाने के कारण अभी नामांकन दाखिल करने के कार्य में तेजी नहीं आ पाई है। निकाय चुनाव लडऩे के इच्छुक लोगों में ज्यादातर राजनीतिक पार्टियों के टिकट पर भाग्य आजमा चाहते हैं, इस कारण प्रत्याशियों की सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी होने की उम्मीद
निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख नजदीक आने के कारण राजनीतिक पार्टियों ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। कांग्रेस व भाजपा की ओर से अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी किए जाने की संभावना है।
कलक्ट्रेट परिसर में चहल-पहल बढ़ी
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कलक्ट्रेट परिसर में निकाय चुनाव लडऩे के इच्छुक लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है। शनिवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद कलक्ट्रेट परिसर में खासी चहल पहल रही। इसका कारण निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल होना है। बड़ी संख्या में लोग नामांकन पत्र के बारे में जानकारी लेने कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। कई लोगों ने नामांकन पत्र लिए और कई कर्मचारियों से नामंाकन पत्र की पूर्ति के बारे में चर्चा करते दिखे।
किस वार्ड में कितने नामांकन दर्ज
अलवर नगर परिषद के लिए शनिवार को वार्ड संख्या एक से एक नामांकन, वार्ड तीन से एक नामांकन, वार्ड 27 से तीन नामांकन, वार्ड 30 से एक नामांकन, वार्ड 32 से दो नामांकन, वार्ड 61 से एक नामांकन दाखिल हुए हैं। अलवर में दो नामांकन शुक्रवार को भी जमा हो चुके हैं। वहीं भिवाड़ी में वार्ड संख्या 48 से दो नामांकन दाखिल हुए हैं। थानागाजी नगर पालिका के लिए वार्ड संख्या 18 से एक नामांकन, वार्ड 20 से दो नामांकन दाखिल हुए हैं।
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment