Breaking News
recent

पहले दिन अलवर से दो नामांकन, भिवाड़ी, थानागाजी में एक भी पर्चा नहीं

अलवर. नगर निकाय चुनाव के तहत अलवर व भिवाड़ी नगर परिषद एवं थानागाजी नगर पालिका चुनाव के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। पहले दिन अलवर नगर परिषद के वार्ड नम्बर 32 से दो नामांकन दाखिल किए गए। जबकि भिवाड़ी नगर परिषद एवं थानागाजी नगर पालिका चुनाव के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया।

जिले में नगर निकाय चुनाव का संग्राम शुरू हो गया है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही अलवर, भिवाड़ी व थानागाजी में निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों की ओर से नामांकन दाखिल करने का कार्य शुरू हो गया। हालांकि पहले दिन नामांकन के प्रति उम्मीदवारों में उत्साह कम दिखाई दिया। इसका कारण प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से अभी तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं करना है।

दो महिलाओं के नामांकन

अलवर नगर परिषद के वार्ड 32 से जिले में निकाय चुनाव के लिए नामांकन की शुरुआत हुई है। हालांकि कांग्रेस व भाजपा ने अभी प्रत्याशियों को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन इस वार्ड से भाजपा की ओर से सुशीला यादव व कांग्रेस की ओर से बीना ने नामांकन दाखिल किया। अभी कांग्रेस व भाजपा की ओर से सिम्बल का वितरण नहीं किया गया है। दोनों ही उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ कलक्टर पहुंची और नामांकन दाखिल किया।

भिवाड़ी व थानागाजी में एक भी नामांकन दाखिल नहीं

नगर परिषद भिवाड़ी व नगर पालिका थानागाजी के किसी भी वार्ड से एक भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। यहां भी कांग्रेस व भाजपा ने अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। जबकि भिवाड़ी नगर परिषद में 60 व थानागाजी नगर पालिका में 25 वार्ड हैं।

नामांकन पत्र लेने के प्रति उत्साह

निकाय चुनाव के लिए भले ही नामांकन दाखिल करने के प्रति उम्मीदवारों मेंं पहले दिन खास उत्साह नहीं दिखा, लेकिन उम्मीदवारों में नामांकन पत्र लेने के प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। हालत यह रही कि दोपहर करीब डेढ़ बजे तक कलक्ट्रेट में 300 से ज्यादा नामांकन पत्र लोग ले जा चुके थे।

कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में लेते रहे जानकारी

कांग्रेस व भाजपा की ओर से अभी प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की जा सकी है। इस कारण दोनों ही पार्टियों के ज्यादातर दावेदार नामांकन जमा कराने से अभी दूरी बनाए हुए हैं। लेकिन कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन पत्र के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिए। वहीं भाजपा के भी कुछ कार्यकर्ता जानकारी करते दिखाई दिए। इकसे अलावा निर्दलीय तौर पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे कई दावेदार भी कलक्ट्रेट परिसर में घूमते दिखाई दिए।

कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र वितरण की अलग व्यवस्था

निकाय चुनाव के लिए बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने की संभावना के चलते कलक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय कार्यालय के बाहर नामांकन पत्र वितरण की अलग से व्यवस्था की गई है। इस डेस्क पर नामांकन पत्र वितरण के साथ ही लोगों को नामांकन पत्र भरते समय जरूरी कागजात व शर्तों की जानकारी देने की व्यवस्था की गई है।

[MORE_ADVERTISE1]

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.