अलवर. निकाय चुनाव को लेकर टिकटार्थियों की शनिवार को दिनभर टिकट पर टकटकी लगी रही। टिकट के दावेदार उत्सुकतावश दिनभर मोबाइल पर एक ही सवाल पूछते दिखाई दिए कि पैनल में मेरा नाम है क्या? हालांकि भाजपा ने प्रत्याशियों का पैनल शाम को जयपुर में प्रदेश चुनाव संचालन समिति को सौंप दिया। वहीं कांग्रेस ने भी रात को अलवर नगर परिषद की पहली सूची अनुमोदन के लिए पीसीसी को भेज दी।
जिले में इन दिनों निकाय चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा नेताओं ने जिला स्तर पर संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर जयपुर में 11 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति को सौंप दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नरूका ने बताया कि जिला स्तर पर अलवर, भिवाड़ी नगर परिषद व थानागाजी नगर पालिका के संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर लिया गया है। जिला संगठन ने तीनों ही निकायों के पैनल अब जयपुर में प्रदेश चुनाव समिति को सौंप दिया है। प्रदेश अध्यक्ष से चर्चा के बाद प्रदेश चुनाव समिति प्रत्याशियों के पैनल को अंतिम रूप देगी। प्रदेश चुनाव समिति को पैनल सौंपने वालों में अलवर निकाय चुनाव प्रभारी सांसद जसकौर मीणा, भिवाड़ी निकाय प्रभारी मनीष पारीक, थानागाजी निकाय के प्रभारी रामस्वरूप कोली भी शामिल थे।
कांग्रेस में रात तक चर्चा, अलवर की पहली सूची पीसीसी भेजी
कांग्रेस की ओर से निकाय चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के पैनल पर शनिवार सुबह फूलबाग में पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह की मौजूदगी में पार्टी नेताओं की चर्चा हुई। बाद में शाम को फिर से प्रत्याशियों के पैनल को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मण्डलों के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में एक-एक वार्ड के दावेदारों के नामों पर चर्चा कर पैनल को अंतिम रूप दिया गया। कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि अलवर, भिवाड़ी व थानागाजी निकायों के पैनल पर तीनों ही जगह की चुनाव संचालन समितियों के सदस्यों ने चर्चा की। रात को अलवर नगर परिषद की पहली सूची तैयार कर पीसीसी को अनुमोदन को भेजी गई है। शेष निकायों की सूचियों पर चर्चा जारी है।
दावेदारों की नजर टिकी सूची पर
भाजपा व कांग्रेस टिकट के दावेदारों की नजर अब अपने दलों की जारी होने वाली सूची पर लगी है। दावेदारों में टिकट को लेकर उत्साह इस कदर है कि सुबह से ही वे अपनी पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, वार्डों में गए पर्यवेक्षकों से पैनल में उनका नाम कौनसे नम्बर पर शामिल है, सूची कब जारी होगी आदि जानकारी लेने में जुट गए। यहां तक कि कई दावेदार तो मीडिया से जुड़े लोगों से भी पैनल में नाम शामिल होने, सूची कब तक जारी होगी के बारे में जानकारी करते दिखाई दिए। पार्टियों से जुड़े नेताओं का कहना है कि टिकट के दावेदारों के सुबह से बार-बार फोन आ रहे हैं। दावेदारों का एक ही सवाल कि पैनल में उनका नाम है या नहीं। कई नेताओं ने तो परेशान होकर फोन भी बंद कर लिए।
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment