महाजन. यहां से करीब १३ किमी दूर अरजनसर के पास बुधवार देर रात को एक बाइक गोधे से टकराने के बाद फिसल गई। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक युवक की उपचार के दौरान पीबीएम अस्पताल में मौत हो गई।जानकारी के अनुसार पल्लू क्षेत्र के रतनादेसर निवासी राजू मेघवाल व सुरजनसर निवासी २६ वर्षीय युवक रामस्वरूप मेघवाल बुधवार देर रात करीब ढाई बजे बाइक से महाजन की तरफ आ रहे थे। अरजनसर से निकलने के बाद दो किमी आगे सड़क पर अचानक गोधा आ जाने से बाइक गोधे से टकराकर अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए।
हादसे में दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक भी चकनाचूर हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर महाजन पुलिस व १०८ एम्बूलेंस मौके पर पहुंची। एम्बूलेंस चालक पूनमचन्द कूकणा व इएमटी भागीरथ भाम्भू ने घायलों की मरहम-पट्टी कर महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर होने के कारण दोनों घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पीबीएम के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान घायल रतनादेसर निवासी युवक राजू मेघवाल ने दम तोड़ दिया। महाजन पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment