अलवर. गोलाका बास. बलदेवगढ़ ग्राम पंचायत के गांव पावटा में शुक्रवार रात्रि गांव में खड़ी एक ही परिवार की दो बसों में आग लग गई। एक बस आग से पूरी तरह जल गई, जबकि दूसरी बस को ग्रामीणों के प्रयास से बचा लिया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पावटा निवासी बस मालिक लक्ष्मण जोगी (नाथ), बंशी नाथ ने बताया कि एक बस शाम चार बजे व दूसरी बस शाम सात बजे रोजाना की तरह शुक्रवार को हमेशा की तरह गांव में खड़ी कर घर चले गए। रात्रि को करीब पौने दस बजे गांव में हो हल्ला की आवाज आ रही थी और उसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने घर पर आकर बताया कि तुम्हारी बसों में आग लग गई है। इस पर मौके पर जाकर देखा तो एक बस पूरी तरह जल चुकी थी और दूसरी बस को आग से बचाने के लिए ग्रामीण मटकी, बाल्टियों से पानी व मिट्टी डालने में जुट गए। ग्रामीण धारासिंह जोगी ने बताया कि ग्रामीणों के अथक प्रयासों से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बस खाक होने से बच गई। इस बस में लगभग बीस हजार रुपए के नुकसान का अनुमान है। इस दौरान नानक राम, कजोड महावर, रामप्रताप कोली, रामप्रताप योगी, किशोर नाथ, रामदयाल खटीक, खेमचंद, प्रभुदयाल, रामभरोसी जोगी आदि मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment