Breaking News
recent

हमारे लिए कोई स्टेशन छोटा-बड़ा नहीं, सभी जगह व्यवस्थाओं में सुधार का रहेगा प्रयास

नोखा.रेलवे पीएससी बोर्ड के अध्यक्ष रमेशचंद्र रत्न शुक्रवार को टीम सहित नोखा पहुंचे। उन्होंने यहां पर नोखा आदर्श रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया और रेलवे अधिकारियों को कई तरह के दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर बुकिंग विडों, एसएम रूम, वेटिंग हॉल, कैंटीन में जाकर व्यवस्थाएं देखी। बाद में प्लेटफॉर्म पर घूमकर साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि कोई भी अध्यक्ष छोटे रेलवे स्टेशन पर नहीं आता है, मैं मोदी टीम का एक सिपाही हूं, यहां पर यात्री सुविधाओं का जायजा लेने आया हूं। हमारे लिए कोई भी स्टेशन छोटा-बड़ा नहीं हैं, सभी समान है।

हर रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं में सुधार कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे पूर्व नोखा स्टेशन अधीक्षक अरूण कुमार ने बोर्ड अध्यक्ष को माला व साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान बोर्ड सदस्य रेशमा हुसैन व रमेश शर्मा, सीनियर डीसीएम धीरूमल, डीआरएम आरएल भूतड़ा, सीनियर डीएन प्रमोद भाकल, एईएन राजेश गोयल, मंडल इलेक्ट्रिक इंजीनियर प्रवीण चौधरी, आरपीएफ कमाडेंट डॉ. अभिषेक, आरपीएफ अधिकारी हरिसिंह गुर्जर, स्टेशन अधीक्षक नथमल मेघवाल, जीआरपी के स्वरूपराम बिश्नोई सहित अन्य रेलवे अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

बताई समस्याएं, दिए मांगपत्र

रेलवे पीएससी बोर्ड अध्यक्ष रमेशचंद्र रत्न के आगमन की सूचना मिलते ही कुछ लोग रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। उन्होंने समस्याएं बताई और उनका समाधान कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपे।नोखा रेलवे स्टेशन पर स्थाई जीआरपी पुलिस चौकी खुलवाने, बीकानेर से अजमेर के लिए नई ट्रेन शुरू कराने, दादर एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस टे्रन का नोखा में ठहराव कराने, अन्य ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, रेलवे स्टेशन की कैंटीन को आगे प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कराने, हनुमानगढ़-कोटा, जयपुर पैसेंजर ट्रेन सहित अन्य ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के डिब्बे बढ़ाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपे गए।

अध्यक्ष ने मांगों का यथासंभव समाधान कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान युवा नेता मगनाराम केड़ली, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र राजपुरोहित, पार्षद जगदीश भार्गव, शिखरचंद पींचा, श्रवण लखारा सहित अन्य प्रबुद्ध लोग और यात्री मौजूद रहे।

[MORE_ADVERTISE1]

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.