Breaking News
recent

सजा मीना बाजार, आज होगा शाही स्नान

श्रीकोलायत. भगवान विष्णु के पंचम अवतार कपिल मुनि की तपोस्थली श्रीकोलायत का पांच दिवसीय मेला परवान चढ़ गया हैं। मेले में मीना बाजार सज गया। बाजार में लगी अस्थायी दुकानों पर लोगों की भीड़ उमडऩे लगी है। रविवार को सभी संप्रदायों के साधु-संत कपिल सरोवर में शाही स्नान करेंगे। शाही स्नान के दौरान संतों के दर्शन करने के लिए विभिन्न स्थानों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कस्बे की धर्मशालाओं, अखाड़ों सहित धर्मस्थलों में डेरा डाल लिया है। जिला कलक्टर के मेले को लेकर व्यक्तिगत रुचि दिखाने व उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी के रोजाना प्रगति रिपोर्ट लेने से सरकारी अमला मेले की व्यवस्था को लेकर देर रात तक जुटा रहता है।

सजी अस्थायी दुकानें
मेले में अस्थायी दुकानें लग गई है। इन पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सामान सजा लिया है। इनमें रेडिमेड कपड़े, रजाइयां, सौंदर्य प्रसाधन सामग्री, कृषि उपकरण आदि रखे हैं। यहां कपिल मुनि मार्ग, ग्राम पंचायत, गुरुद्वारा मार्ग और बस स्टैण्ड रोड पर मीना बाजार सज गया है ।

लगेगा पशु मेला

यहां लोहिया रोड पर प्रस्तावित पशु मेले में ऊंट और अन्य पशुओं को लाना शुरू कर दिया है। सरपंच देवीसिंह भाटी ने बताया कि मेले में पशुओं के पानी पीने के लिए पशु खेलियां में अस्थायी कनेक्शन कर दिया गया है। वहीं पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सा एवं फसलों से संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

ऊंट दिखाएंगे करतब

मेले में 12 नवंबर को ऊंट उत्सव होगा। इसमें ऊंटों का शृंगार, नस्ल और करतब दिखाए जाएंगे। सरपंच रावलोत ने बताया कि हर श्रेणी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान में रहने वाले ऊंट मालिकों को ग्राम पंचायत की ओर से पारितोषिक दिया जाएगा।

आध्यात्मिक रंग में रंगा कोलायत

कपिल सरोवर परिसर स्थित पंच मंदिर, द्वादश ज्योतिर्लिंग महादेव, सत्यनारायण मंदिर, देशवाली कुम्हार धर्मशाला, श्रीयादे, जाट धर्मशाला, गौतम मंदिर आदि में कीर्तन चल रहे हैं। वहीं दम्माणी कथा पंडाल में सिंहस्थल पीठाधीश्वर स्वामी क्षमाराम महाराज तथा गीता मंदिर में नवलाराम महाराज के प्रवचन चल रहे हैं।

शाही स्नान व महाआरती पहुंचे साधु

कपिल सरोवर में रविवार को शाही स्नान करने के लिए उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश सहित देश व राज्य के विभिन्न स्थानों से संतों ने पहुंचकर अखाड़ा और आश्रमों में डेरा लगा लिया हैं। शाही स्नान के संयोजक व पंच दशनाम श्रीमहंत स्वामी सोमगिरी महाराज ने बताया कि द्वादश ज्योतिर्लिंग बारह महादेव मंदिर परिसर में रविवार दोपहर 12 बजे साधु-संत जुलूस के रूप में परंपरागत वाद्य यंत्र व शंख ध्वनि के साथ मढ़ रोड, अंबेडकर सर्किल, सदर बाजार, बैंक रोड, ग्राम पंचायत व राजस्व तहसील परिसर होते हुए कपिल सरोवर के मुख्य घाट पहुंचकर सामूहिक स्नान करेंगे। इसके बाद चरण पादुका स्थल पर महाआरती करेंगे। नाथ संप्रदाय के महंत योगी कृष्णनाथ ने मंडली के साथ गुरु गोरखनाथ आश्रम में डेरा जमा लिया है।

सिख संगत का आवागमन शुरू
मेले में 12 नवंबर को गुरु नानक जयंती होने के कारण बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग पंजाब, हरियाणा व श्रीगंगानगर से पहुंच रहे हैं। रविवार को कपिल सरोवर में स्नान के बाद यहां गुरुद्वारा गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकेंगे। गुरुद्वारा साहिब को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।

[MORE_ADVERTISE1]

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.