उदयपुर/ मेनार. medical and health department भींडर-फतह नगर मुख्य मार्ग पर ढाई करोड़ की लागत से बने मगनमल जेठाचंद पंचोलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य पर बरसाती पानी का संकट मंडरा रहा है। बारिश के दौरान बेसमेंट में भरा पानी अब तक भी सूखा नहीं है। यह भी कह सकते हैं कि अनदेखी के बीच इसे सूखाने के प्रयास भी नहीं किए गए। नींव में घुटनों तक भरे पानी से इमारत के खस्ताहाल होने की चिंताएं गहरा रही हैं। बेसमेंट पर पानी निकासी के नाम पर एकमात्र मोटर लगी हुई है, जो भरे हुए पानी की निकासी के लिए अपर्याप्त है। ग्रामीणों की मानें तो इस बार ब्रह्म सागर तालाब ओवरफ्लो नहीं हुआ है। बल्कि तालाब की आड़ से पानी बेसमेंट में भर रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार स्थानीय प्रतिनिधियों एवं जिम्मेदारों को कई बार लिखित और मौखिक तौर पर सूचित किया जा चुका है। इसके बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई है। हकीकत में साढ़े तीन हजार वर्ग फीट में बने बेसमेंट की ऊंचाई करीब 9 फीट है। इसमें 5 फीट तक पानी भरा रहता है। पंप से बेसमेंट खाली करने के बाद भी यह पानी 3 फीट तक भरा रहता है। दीवारों में आ रही पानी की नमी से रोगियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकुल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं नमी वाली दीवारों पर बिजली बटन के इस्तेमाल से करंट की आशंकाएं भी जन्म ले रही है।
उखड़ी फर्शी, बिजली लाइन खराब
कड़वा सच यह है कि बेसमेंट में भरे पानी से होने वाली खामियों से इनकार नहीं किया जा सकता है। अनेक जगहों पर फर्शी उखड़ चुकी है। वहीं बेसमेंट इलाके में बिछाई गई बिजली की लाइनें खराब हो चुकी हैं। लंबे समय से भरे पानी ने दीवारों में भी दरारें डाल दी है। ऐसे में करोड़ों के इस भवन के धंसने की आशंकाएं निरंतर बनी हुई है। विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो बिल्डिंग के साथ आम लोगों की जिंदगियों पर भी संकट बना रहेगा।
भामाशाहों की बदौलत बना सीएचसी भवन
आम लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार भवन का निर्माण भामाशाहों की बदौलत संभव हुआ है। दुबई के भामाशाह मगनमल जेठाचंद पंचोलिया की ओर से दिए गए सहयोग से भवन निर्माण हुआ है। ऐसे में सरकारी बिल्डिंग को लेकर स्थानीय जिम्मेदारों ने चुप्पी साध रखी है। साथ ही इमारत के रखरखाव को लेकर उदासीनता बरती जा रही है।
कराएंगे स्थायी समाधान
तलघर में पानी भरे होने की शिकायत मिली है। ग्राम पंचायत की ओर से नाला निर्माण की स्वीकृति ली हुई है। बारिश हाल ही में बंद हुई है। बेसमेंट को खाली कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
सीमा रावल, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत मेनार
तालाब का पानी
बेसमेंट और तालाब का स्तर समांतर होने के कारण पानी भर जाता है। समय-समय पर बेसमेंट खाली कराया जाता है। दिनचर्या में शामिल पानी निकासी के बावजूद पानी भरा हुआ है। medical and health department रिसाव कम होते ही एक्सपर्ट की मदद से समस्या का निराकरण कराया जाएगा।
डॉ. महेंद्र कुमार लौहार, बीसीएमओ, भींडर





No comments:
Post a Comment