Breaking News
recent

भाजपा का पैनल तैयार, कांग्रेस आज अंतिम रूप देगी

अलवर. निकाय चुनाव में टिकट वितरण के लिए दावेदारों से आवेदन लेने का कार्य पूरा होने के साथ ही भाजपा व कांग्रेस अब प्रत्याशियों के पैनल के तैयार करने में जुट गए हैं। भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों की शुक्रवार को मेगा हाइवे स्थित एक निजी होटल में बैठक हुई। इसमें अलवर नगर परिषद के पार्षद पद के दावेदारों की सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा कर पैनल तैयार किया गया। वहीं भाजपा ने भिवाड़ी नगर परिषद व थानागाजी नगर पालिका चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के पैनल पहले ही तैयार कर लिए हैं। कांग्रेस में टिकट वितरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी होने के कारण शनिवार को पैनल तैयार कर प्रदेश कांग्रेस को भेजे जाने की उम्मीद है।

निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही राजनीतिक पार्टियों की ओर से संभावित प्रत्याशियों के पैनल तैयार करने के कार्य में तेजी आई है। भाजपा टिकट के लिए आवेदन लेने का कार्य गत 30 अक्टूबर को पूरा कर लेने से पैनल तैयार करने में आगे दिखाई दी। वहीं कांगे्रस में टिकट के लिए आवेदन का कार्य शुक्रवार को ही पूरा हो पाया है। इस कारण कांग्रेस में पैनल को लेकर शुक्रवार रात या शनिवार को चर्चा होने की उम्मीद है।

भाजपा पैनल में दो व तीन नाम

भाजपा की ओर से तैयार किए गए संभावित प्रत्याशियों के पैनल में ज्यादातर वार्डों में दो से तीन नाम हैं। अलवर नगर परिषद चुनाव में टिकट को लेकर मशक्कत ज्यादा होने से यहां के पैनल में ज्यादातर वार्डों में दो या तीन दावेदारों के नाम शामिल किए गए हैं। वहीं भिवाड़ी व थानागाजी के पैनल में कुछ वार्डों में एक नाम तथा शेष में दो से तीन नाम शामिल हैं। पार्टी जिलाध्यक्ष संजय नरूका ने बताया कि तीनों जगह के पैनल तैयार कर लिए गए हैं। इन पैनल पर जिला भाजपा में चर्चा कर अंतिम रूप दिया जाएगा। शुक्रवार रात को ही जिला प्रभारी मनीष पारीक के साथ पैनल लेकर जयपुर जाएंगे। शनिवार को जयपुर पर इन पैनलों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

कांग्रेस में टिकट के लिए 1497 आवेदन आए

निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस में अलवर, भिवाड़ी व थानागाजी के लिए 1497 आवेदन मिले हैं। तीनों ही निकायों के लिए आवेदन लेने का कार्य पूरा हो चुका है। इनमें अलवर के 65 वार्डों के लिए 879, भिवाड़ी के लिए 350 तथा थानागाजी के लिए 268 आवेदन मिले हैं। पार्टी की ओर से शुक्रवार शाम को आवेदनों की छंटाई की गई। पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर दावेदारों के नामों पर चर्चा कर पैनल

तैयार होगा। इस पैनल को जिला कांग्रेस में चर्चा के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा।

भाजपा टिकट के लिए 885 आवेदन

अलवर व भिवाड़ी नगर परिषद व थानागाजी नगर पालिका के 150 वार्डों के लिए 885 आवेदन मिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा अलवर में 65 वार्डों के लिए 525 आवेदन, भिवाड़ी में 60 वार्डों के लिए 205 आवेदन एवं नव गठित थानागाजी नगर पालिका के लिए 155 आवेदन टिकट के लिए प्राप्त हुए हैं।

[MORE_ADVERTISE1]

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.