उदयपुर/ मेनार. encroachment खेरोदा-मेनार मार्ग पर पानी निकासी की गहराती समस्या और अतिक्रमण का मामला तूल पकडऩे लगा है। ब्रह्मसागर तालाब के ओवरफ्लो मार्ग पर अतिक्रमण से गहरा रही समस्या को लेकर ग्रामीण परिवारों ने तहसीलदार कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। हंगामा खड़ा कर रहे लोगों के बीच समझाइश के प्रयास भी काम नहीं आए। पीडि़तों ने लिखित में शिकायत के साथ जिला कलक्टर का भी दरवाजा खटखटाया। मामले की उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में भी चर्चा रही।
इससे पहले तहसीलदार कार्यालय में हुई शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होता देख उपसरपंच शंकरलाल मेनारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ ने तहसील कार्यालय के बाहर हंगामा किया। बाद में शिकायत को लेकर जिला कलक्टर कार्यालय में दखल दिया। वहां कलक्टर की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की अपील की।
इधर, गरमाते मामले के बीच तहसीलदार बसंत मीणा दोपहर करीब एक बजे मेनार कस्बे में मौका देखने पहुंचे। बाड़ों एवं घरों के सामने पानी का ठहराव देख लख्मीचंद एकलिंग दासोत ने रास्ता नपती की कार्रवाई की। तहसीलदार ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों से भी बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तहसीलदार स्तर पर की गई कार्रवाई की जानकारी के बाद कलक्टर कार्यालय से ग्रामीण सीधे तहसील कार्यालय पहुंच गए। हंगामे के बाद शाम के समय रेवन्यू इंस्पेक्टर मौका देखने के लिए मेनार पहुंचे। पटवारी दिलीप व्यास भी मौके पर पहुंचे।
फिर भी नहीं कार्रवाई
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर वह ग्राम पंचायत, तहसील और कलक्टर कार्यालय में पहुंचकर दरवाजा खटखटा चुके हैं। आराजी नंबर के साथ संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उपखण्ड अधिकारी स्तर पर कार्रवाई के अलावा अतिक्रमण को लेकर 91 की कार्रवाई को लेकर नोटिस भी जारी हुए। लेकिन, कार्रवाई को लेकर हर स्तर पर सुस्ती बरती जा रही है।
बढ़ सकता है विवाद
तहसीलदार स्तर पर मौका देखा गया। पानी निकासी मार्ग का हल करने की बात कहकर वह लौट गए। ग्राम पंचायत स्तर की बात कहते हुए हर अधिकारी खुद का बचाव करने में जुटा है। ग्रामीणों के स्तर पर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने की बात कही गई है।
लख्मीचंद एकलिंगदासोत, ग्रामीण, ग्राम पंचायत मेनार
गहरा रही समस्या
मार्ग में अतिक्रमण और कीचड़ की समस्या गहरा रही है। बच्चों को स्कूल जाने में तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। हर स्तर पर शिकायत के बावजूद समस्या का हल नहीं निकल रहा है। घरों के बाहर कमर तक पानी से बीमारियों का संकट मंडरा रहा है।
शंकर लाल मेनारिया, उपसरपंच, ग्राम पंचायत मेनार
मिला है आश्वासन
तहसीलदार को स्थिति से अवगत कराया है। उनकी ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
गणपतलाल मीणा, सरपंच, ग्राम पंचायत मेनार
सात दिन में बेदखली
अतिक्रमण के आरोपियों के खिलाफ धारा 91 के तहत कार्रवाई शुरू की है। आगामी सात दिनों में कार्रवाई कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। Encroachment बाद में जमीन को ग्राम पंचायत को सौंपेंगे। पानी निकासी को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
बसन्त मीणा, तहसीलदार, वल्लभनगर





No comments:
Post a Comment