Breaking News
recent

भाजपा ने ही भाजपा को हराया : धीरज जैन

अलवर. नगर परिषद सभापति चुनाव में भाजपा खेमे में हुआ भितरघात अगले ही दिन सामने आ गया। बुधवार को उप सभापति चुनाव के लिए वोटिंग करने आए भाजपा के सभापति प्रत्याशी धीरज जैन बोले कि भाजपा के कुछ जयचंदों ने ही भाजपा को हराया है। पेश है जैन से पत्रिका की बातचीत के अंश।
पत्रिका : अलवर नगर सभापति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा को हार झेलनी पड़ी। क्रॉस वोटिंग के क्या कारण रहे?

जैन : हमारे पूर्व विधायक और कुछ पार्षदों ने खिलाफत कर भाजपा को हराया है। पिछले नगर परिषद बोर्ड में अविश्वास प्रस्ताव में भी इन लोगों ने पार्टी की खिलाफत की थी। पूर्व विधायक ने विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की खिलाफत की थी।
पत्रिका : सभापति चुनाव में पार्टी की खिलाफत करने वालों के खिलाफ आप क्या करेंगे?

जैन : मैं पार्टी के इन जयचंदों की शिकायत पार्टी जिलाध्यक्ष, शहर विधायक और पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को करुंगा। ताकि इनके खिलाफ कार्रवाई हो।
पत्रिका : यदि पार्टी इन सबके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो फिर ऐसी स्थिति में क्या आप भाजपा में रहेंगे या नहीं?

जैन : मैं भाजपा का सिपाही हूं। पूरी इमानदारी और निष्ठा के साथ आगे भी भाजपा में काम करता रहूंगा। लेकिन यदि पार्टी ने इन जयचंदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो पार्टी को आगामी पंचायत चुनाव में भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पत्रिका : सभापति चुनाव में कांग्रेस को 37 और भाजपा को 28 वोट मिले, जबकि अगले ही उप सभापति चुनाव में उलट परिणाम रहे। जिसमें भाजपा को 36 और कांग्रेस को 29 ही वोट मिल सके। ऐसा क्यों हुआ?

जैन : सभापति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए पार्षदों की बोली लगी थी और पार्षद क्रॉस वोटिंग के लिए बिके, जबकि उप सभापति चुनाव में पार्षदों को खरीदने वाला कोई नहीं था। ये लोग बिकाऊ हैं, टिकाऊ नहीं। इन्होंने भाजपा को हराया है, धीरज जैन को नहीं। भविष्य में भाजपा को ऐसे जयचंदों से सावधान रहने की जरुरत है।

फैक्ट फाइल

अलवर नगर परिषद

कुल वार्ड - 65
कुल पार्षद - 65

भाजपा पार्षद - 27
कांग्रेस पार्षद - 19

निर्दलीय पार्षद - 19
---------

सभापति चुनाव में वोट मिले
कांग्रेस - 37

भाजपा - 28
उप सभापति चुनाव में वोट मिले

कांग्रेस - 29
भाजपा - 36

सभापति और उप सभापति
सभापति - बीना गुप्ता (कांग्रेस)

पराजित - धीरज जैन (भाजपा)
उप सभापति - घनश्याम गुर्जर (भाजपा)

पराजित - विक्रम यादव (कांग्रेस)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.