Breaking News
recent

सरकारी कार्यालयों में अब भी पसरा है त्योहार का खुमार!

उदयपुर/ कोटड़ा (निसं). government office क्षेत्र के राजकीय कार्यालयों में दीपों के त्योहार का खुमार बरकरार है। ड्यूटी ऑवर्स में कार्यालय तो खुल रहे हैं लेकिन, लोगों की समस्याओं का निस्तारण करने वाले ओहदेदार सीट पर नहीं मिल रहे। अधिकारियों की अनुपस्थिति से अनजान आमजन कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। खास तो यह है कि अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर जवाब देने वाले जिम्मेदारी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। कमोबेश ऐसा हाल अधिकांश राजकीय कार्यालयों में देखने को मिल रहा है। लोगों की ऐसी ही शिकायतों पर इस संवाददाता ने राजकीय संस्थानों की स्थिति जानने की एक कोशिश की तो बेहाली का सच सामने आया।
सुबह करीब 11.20 बजे पंचायत समिति परिसर में दाखिल होने के साथ ही लोगों की भीड़ समस्याओं को लेकर जुटी मिली। बातचीत में सामने आया कि वह सुबह 9.30 बजे से कार्यालय परिसर में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर क्षेत्र के रामजी लाल ने कार्यालय में मौजूद मंत्रालयिक कर्मचारी से विकास अधिकारी के आने की जानकारी मांगी तो जवाब उलटा ही मिला। कर्मचारी ने गैरजिम्मेदारी दिखाते हुए स्पष्ट किया कि अधिकारी के बारे में उन्हें नहीं पता। ऐसा ही हाल कुछ अन्य मौजूद लोगों की चर्चा में देखने को मिला। संवाददाता की पूछताछ पर एक कार्मिक ने विकास अधिकारी के दोपहर बाद कार्यालय आने की बात कही। इस पर संवाददाता ने दोपहर को 2.30 बजे एक बार फिर कार्यालय की सुध ली। तब ही विकास अधिकारी की सीट पर सन्नाटा छाया मिला। कक्ष की लाइट जलती मिली, लेकिन भीतर किसी की मौजूदगी नहीं थी। देर शाम दूर दराज से आए लोगों को निराश होकर परिसर छोडऩा पड़ा। विकास अधिकारी कार्यालय के जिम्मेदारों ने पूछताछ पर विकास अधिकारी के अवकाश पर होने, कार्यालय आगमन समय, उपस्थिति पंजिका सहित अन्य जानकारी को देने से इनकार किया। बता दें कि ऐसा ही हाल परिसर में मौजूद अन्य कार्यालय कक्षों का भी दिखाई दिया। शायद यही वजह है कि सरकारी सुविधा के बावजूद कोटड़ा क्षेत्र प्रधानमंत्री आवास योजना के मामले में जिले की सूची में 14वें स्थान पर बना हुआ है। इधर, संवाददाता ने विकास अधिकारी से दूरभाष पर संपर्क के प्रयास किए, लेकिन कई प्रयासों के बाद भी उनसे संपर्क नहीं हो सका। इससे पहले भी बुधवार को पंचायत समिति परिसर में अधिकारियों व कार्मिकों की मौजूदगी को लेकर ऐसा ही हाल दिखाई दिया था। जानकारी में आया कि दीपावली के बाद से ही कार्यालय में ऐसा ही हाल बना हुआ है।

[MORE_ADVERTISE1]

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.