अजमेर. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि प्रदेश (state) में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर भर्ती जल्द की जाएगी। इसके लिए पन्द्रह हजार नई भर्तियां निकाली जा रही है। इससे अस्पताल में चिकित्सकों की कमी की समस्या से निजात मिलेगी। कांग्रेसराज में अस्पतालों में चिकित्सा संसाधनों में वृद्धि हुई है। दवाइयों की भी कोई कमी नहीं है। डॉ. शर्मा शनिवार को श्रीनगर के नेशनल हाइवे 79-ए पर पावर हाउस समीप चार करोड़ की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के लोकार्पण मौके पर बोल रहे थे।
विकास में धन की नहीं कमी
डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों को गति मिली है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के समय जो वादे किए थे। वह सभी पूरे किए जा रहे हैं। विकास कार्यों में धन की कोई कमीं नहीं आने दी जाएगी। श्रीनगर में नया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सभी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। चिकित्सा मंत्री ने पुराने सीएचसी भवन में सिटी डिस्पेंसरी खोलने का आश्वासन दिया। सामुदायिक भवन से सभी लोगों को लाभ मिल सकेगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि इस समय 737 नए चिकित्सकों की भर्ती का कार्य चल रहा है। स्थानीय निकाय चुनाव के तुरन्त बाद इनकी नियुक्ति की जाएगीष इसी प्रकार 15,500 नर्सिंग स्टाफ की भर्ती भी जल्दी होगी। शर्मा ने कहा कि फिलहाल चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिला कलक्टर के माध्यम से प्रस्ताव भेजें।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में जो नियमों का मखौल उड़ाया जा रहा है। उससे लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा तानाशाही पर उतर आई है। समारोह के दौरान नसीराबाद के पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर व महेन्द्र सिंह गुर्जर ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की महत्वकांशी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। चिकित्सा मंत्री शर्मा का दिव्यांग महावीर रावत ने माला पहनाकर स्वागत किया।
रिक्त पदों को लेकर दिया ज्ञापन
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष औंकार गुर्जर के नेतृत्व में श्रीनगर सीएचसी में चिकित्सकों के साथ नर्सिग ग्रेड और अन्य कई रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की। ब्लॉक अध्यक्ष गुर्जर ने बताया कि श्रीनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वीकृत ३५ पदों में से मात्र १४ कर्मचारी ही कार्यरत है।
होमगार्डों ने बताई पीड़ा
चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा को क्षेत्र के होमगार्डो ने ज्ञापन देकर नौकरी में स्थाई करने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि श्रीनगर में ऐसे १५ होमगार्ड हैं जो कि प्रशिक्षित हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सुरक्षा के लिए होमगार्डस को नियुक्त किया जाए। इस पर चिकित्सा मंत्री ने मौके पर श्रीनगर के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि एमआरएस के माध्यम से दो होमगार्डस को अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए नियुक्त किया जाए।
इसी प्रकार बीर के सरपंच प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर ने उपस्वास्थ्य केन्द्र बीर को क्रमोन्नत करने व रिक्त एनएम को पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। इसी प्रकार श्रीनगर ब्लॉक कांग्रेस की उपाध्यक्ष सीमा उदय ने श्रीनगर के स्कूल में अध्यापकों व सरपंच की शिकायत का ज्ञापन सौंपा।
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment